नायरा एनर्जी के पंपों पर पेट्रोल पांच और डीजल तीन रुपये महंगा हुआ, देशभर के सात हजार पेट्रोल पंपों पर नए रेट लागू
आगरा 26 मार्च। नायरा एनर्जी के पंपों पर पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये महंगा कर दिया गया है। यह रेट कम्पनी के देशभर में संचालित सात हजार पेट्रोल पंपों पर लागू कर दिए गए हैं। समाचार एजेंसियों के अनुसार, यह वृद्धि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के तनाव के कारण की गई है।
राहत की बात है कि अभी इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम कंपनी ने सादा पेट्रोल के दाम अभी नहीं बढ़ाए हैं। लेकिन नायरा एनर्जी द्वारा दाम बढ़ाये जाने के बाद अब इनके भी रेट बढ़ने की आशंका बलवती हो गई है।
नायरा एनर्जी देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर है, जिसके देशभर में लगभग 7,000 पेट्रोल पंप हैं।
नायरा के ताजनगरी में भी कई पेट्रोल पम्प संचालित हैं। इनमें कुछेक शहर में और अधिकांश बाहरी इलाकों में स्थित हैं। इन पेट्रोल पंपों पर बढ़े हुए रेट पर ईंधन दिया जा रहा है।
नया रेट सादा पेट्रोल- 99.62 रुपये प्रति लीटर और डीजल- 90.41 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि पहले का रेट सादा पेट्रोल- 94.62 रुपये प्रति लीटर, डीजल का रेट- 87.41 रुपये प्रति लीटर था।
विभिन्न शहरों में नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की नई कीमतें कुछ इस प्रकार हैं: हैदराबाद: ₹107.46 प्रति लीटर, कोलकाता: ₹105.41 प्रति लीटर, मुंबई: ₹103.54 प्रति लीटर, बेंगलुरु: ₹102.92 प्रति लीटर, भोपाल: पेट्रोल ₹111.74 (पुराना रेट: ₹106.74) और डीजल ₹94.86 (पुराना रेट: ₹91.86)।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments