बड़ा खतरा: नगर निगम कर रहा चार सौ दुकानों का आवंटन निरस्त करने की तैयारी

आगरा, 08 मार्च। शहर की करीब चार सौ दुकानों पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। नगर निगम इनका आवंटन निरस्त करने की तैयारी कर रहा है। इन दुकानों के संचालकों ने निगम द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद किराया जमा नहीं कराया है।
गौरतलब है कि शहर में विभिन्न स्थानों पर नगर निगम ने लगभग नौ सौ दुकानों को किराए पर दे रखा है। इनमें ताजगंज, अशोक नगर, राजेन्द्र मार्केट, नूरी दरवाजा, छीपीटोला, बल्केश्वर, सिंधी बाजार और जिला अस्पताल आदि क्षेत्र शामिल हैं। इन दुकानों से नगर निगम को प्रतिवर्ष किराये के रूप में करीब सवा करोड़ रुपये की आमदनी होती है।
खबरों के अनुसार किराया वसूली को लेकर लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं, इसके बावजूद करीब चार सौ दुकानदारों ने अब तक किराया जमा नहीं कराया है। नगर निगम ने इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का मन बना लिया है। ऐसे दुकानदारों के आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की तैयारी है। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जो दुकानदार लंबे समय से किराया जमा नहीं कर रहे हैं, उन्हें अंतिम मौका दिया जा रहा है। इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर दुकानों पर ताला डालने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। इन दुकानदारों को नोटिस दिए जा चुके हैं। भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आवंटन निरस्त करने और दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। 
नगर निगम के सभी राजस्व कर्मियों को किराया वसूली के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं और वसूली अभियान की रोजाना समीक्षा भी की जा रही है। राजस्व बढ़ाने के लिए वसूली अभियान को और तेज किया जाएगा।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments