भारत ने रचा इतिहास, तीसरी बार टी ट्वेन्टी विश्व कप विजेता बना, संजू और जसप्रीत बने खेवनहार
अहमदाबाद, 08 मार्च। संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह ने भारत को टी ट्वेन्टी विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरी बार खिताब जिताने में मुख्य भूमिका निभाई। रविवार को यहां खेले गए फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 96 के बड़े अंतर से हराकर तीसरी बार खिताब पर कब्जा कर लिया। भारतीय टीम ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसने तीसरी बार यह कप जीता। वह अपने ही घर में यह खिताब जीतने वाली पहली टीम भी बन गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 255 रन बनाए, जवाब में न्यूज़ीलैंड की टीम 159 रन ही बना सकी। भारतीय टीम की जीत की इबारत पहले उसके बल्लेबाजों ने लिखी। इसके बाद गेंदबाजों ने इस पर मुहर लगा दी। भारत के लिए इस मैच में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। आखिर में शिवम दुबे ने भी कमाल की बल्लेबाजी की। इसके बाद गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने न्यूज़ीलैंड की कमर तोड़ दी। बुमराह ने चार, अक्षर पटेल ने तीन, हार्दिक, अभिषेक और वरुण ने एक-एक विकेट लिया। जसप्रीत बुमराह का कमाल सेमीफाइनल के बाद फाइनल में भी देखने को मिला।
न्यूज़ीलैंड ने बल्लेबाजी करते हुए दस ओवर में 88 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। टीम को नौवें ओवर में 72 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंद में दो चौके और पांच छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए।
आठवें ओवर में हार्दिक पांड्या ने मार्क चैपमैन को बोल्ड किया। गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेट पर लग गई। चैपमैन तीन रन बना सके। इससे पहले अक्षर ने फिन एलेन और ग्लेन फिलिप्स को आउट किया था। वहीं, बुमराह ने रचिन रवींद्र को पवेलियन भेजा।
इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का लक्ष्य रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। भारत का स्कोर 15वें ओवर के बाद एक विकेट पर 203 रन था। इसके बाद 16वें ओवर में टीम इंडिया ने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवाए। नीशम ने 16वें ओवर में ये तीन झटके दिए। इससे रन गति धीमी पड़ गई। फिर 17वें ओवर में सात रन और 18वें ओवर में नौ रन बने। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हुए और 11 रन बने। हालांकि, आखिरी ओवर में शिवम दुबे का बल्ला चला और इसकी वजह से टीम 250 के पार पहुंच सकी। दुबे आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने आखिरी ओवर में 24 रन बटोरे।
प्रारंभ में भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। संजू के साथ अभिषेक ने 43 गेंद में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक को रचिन रवींद्र ने आउट किया। फिर संजू ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी निभाई। सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। वहीं, ईशान किशन ने भी पचास रन पूरे किए। हालांकि, 16वें ओवर में दोनों आउट हो गए। सैमसन फिर शतक से चूक गए। वह 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। ईशान ने 25 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। हार्दिक 13 गेंद में 18 रन बना सके, जबकि सूर्यकुमार खाता नहीं खोल पाए। तिलक छह गेंद में आठ रन बनाकर नाबाद रहे।
न्यूजीलैंड की ओर से नीशम ने तीन विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी और रचिन को एक-एक विकेट मिला।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments