दुस्साहस: रिटायर्ड इंस्पेक्टर के परिवार की नाबालिग छात्रा को एक साल से परेशान कर रहा युवक, इंस्टाग्राम पर फोटो वायरल किए, घर की छत पर चढ़ आया!
आगरा, 15 मार्च। थाना सिकंदरा क्षेत्र में एक युवक का अजीब दुस्साहस सामने आया है। यह युवक एक रिटायर्ड इंस्पेक्टर के परिवार की नाबालिग बेटी को एक साल से परेशान कर रहा है। खबरों के मुताबिक, पिछले दिनों वह उनके मकान की छत पर चढ़ आया। परिवार ने पुलिस में शिकायत की तो आरोपी ने बदला लेने की नीयत से नाबालिग छात्रा की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। छात्रा की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की गई।
पीड़ित परिवार की तहरीर पर थाना सिकंदरा पुलिस ने आरोपी युवक मयंक निवासी गांव अटूस उसके भाई और माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मयंक करीब एक वर्ष से इंस्टाग्राम के माध्यम से छात्रा को परेशान कर रहा था। बार-बार संदेश भेजना, रास्ते में पीछा करना और उठाकर ले जाने की धमकी देना उसकी आदत बन गई थी। कई बार समझाने के बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पीड़ित परिवार ने मयंक के भाई भानु पर भी इस मामले में साथ देने का आरोप लगाया। मयंक की मां सीता देवी और पिता केशव सिंह पर भी बेटे को संरक्षण देने और मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, मयंक विगत नौ मार्च को अचानक घर की छत पर चढ़ आया। आहट होने पर तलाशी ली गई तो वह छत पर बने बाथरूम में छिपा मिला। इसकी सूचना तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पकड़कर थाने ले गई। उस समय पुलिस ने शांति भंग की आशंका में आरोपी का धारा 151 के तहत चालान कर दिया था, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद मयंक ने बदला लेने की नीयत से नाबालिग छात्रा की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
पीड़िता कक्षा 11 की छात्रा है और इस समय उसकी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे संवेदनशील समय में हुई इस घटना से छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान है और परिवार में भी भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments