"विधायक-पास" लगी कार का रसूख दिखाकर अस्पताल संचालक के पुत्र से छह महीने तक लाखों रुपये वसूले

आगरा, 18 मार्च। थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र में "विधायक-पास" लगी कार का रसूख दिखाकर दोस्ती करने के बाद एक छात्र से लाखों रुपये की वसूली का मामला सामने आया है।
खबरों के मुताबिक, पीड़ित छात्र शहर के एक निजी अस्पताल संचालक का पुत्र है। आरोपी ने छात्र को "विधायक-पास" लगी फॉर्च्यूनर गाड़ी का रौब दिखाकर खुद को बेहद रसूखदार बताया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे के बल पर छात्र को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी पिछले करीब छह महीनों से कभी दोस्ती का हवाला देता, तो कभी तमंचा दिखाकर दहशत बनाता। इस दौरान उसने कई किश्तों में छात्र से कुल पांच लाख, 45 हजार रुपये वसूल लिए। छात्र डर और बदनामी के भय से लंबे समय तक यह बात अपने परिवार से छिपाता रहा। 
पिछले दिनों आरोपी ने छात्र से दो लाख रुपये और देने की मांग की। लगातार हो रही वसूली और धमकियों से परेशान छात्र आखिरकार टूट गया और उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बता दी। इसके बाद छात्र के पिता आरोपी से बात करने और शिकायत दर्ज कराने की मंशा से पहुंचे। आरोप है कि आरोपी और उसकी पत्नी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
थाना एत्मादुद्दौला पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विधायक का पास लगी फॉर्च्यूनर का इस्तेमाल सिर्फ रौब जमाने के लिए किया गया था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी है। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments