पेट्रोल डाल कर जलाए गए युवक की मौत पर भड़का आक्रोश, लिव इन में रहने वाली प्रेमिका ने साथियों के साथ मिलकर जला दिया था

आगरा, 05 मार्च। थाना शाहगंज के दौरेठा क्षेत्र में पेट्रोल डाल कर जलाए गए ऑटो रिक्शा चालक की उपचार के दौरान विगत रात्रि अस्पताल में मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार की सुबह उसका शव सड़क पर रख कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। परिजनों ने एक घंटे तक हंगामा किया, इससे सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त लोहामंडी गौरव कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शव को रोड से हटाया और पुलिस ने जाम को खुलवाया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 
खबरों के मुताबिक, मृतक युवक चांद उर्फ सद्दाम (35) स्वरूप कॉलोनी का निवासी था और ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पिछले गुरुवार की रात थाना शाहगंज के दौरेठा क्षेत्र में सवारी छोड़कर लौट रहे चांद को उसकी पूर्व लिव-इन पार्टनर ने पति और अन्य के साथ मिलकर रोक लिया। पुराने फोटो-वीडियो पर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने चालक को ऑटो रिक्शा से बाहर खींचकर पेट्रोल डालकर जला दिया। जिससे वो 80 प्रतिशत झुलस गया था। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोगों ने आग बुझाई और पुलिस की मदद से उसे एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से परिजन निजी अस्पताल ले गए। चांद सात दिन तक चांद आईसीयू में भर्ती रहा, बुधवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चांद उर्फ सद्दाम की बहन निशा का कहना है कि आजमपाड़ा निवासी शबनम के पति की दो साल पहले संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटकने से माैत हो गई थी। इसके बाद शबनम अपने दो बच्चों के साथ उनके भाई चांद के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी। भाई ही उसका और बच्चों का पूरा खर्च उठाता था।
निशा के अनुसार, पंद्रह दिन पहले शबनम ने अपने देवर सोनू खान उर्फ अल्ली से निकाह कर लिया था। इसके बाद से वह भाई पर पुराने फोटाे और वीडियो डिलीट करने का दबाव बना रही थी। उसे शक था कि कहीं चांद उसके फोटो वायरल न कर दे। 
निशा के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान घायल चांद ने बताया कि आग लगाने के बाद आरोपी गालियां देते हुए धमका रहे थे। वह जान बचाकर भागे और आसपास के घरों के दरवाजे खटखटाए। कॉलोनी के लोग एकत्रित हो गए और आग बुझाई। साथ ही पुलिस को सूचना दी। आरोपी भीड़ देख धमकी देते हुए भाग निकले। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना रिकॉर्ड हुई है। मृतक के भाई शब्बीर का कहना है, पुलिस ने आरोपी शबनम और नगीना को पकड़ लिया था, लेकिन बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। भाई के मौत के आरोपी भी बाहर घूम रहे हैं। वे धमकी दे रहे है। पुलिस ने परिजनों से तहरीर ले ली है, आरोपियों की तलाश की जा रही है। 
__________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments