आगरा डवलपमेंट फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखे शहर के विकास के मुद्दे, टीटीजेड मामलों में प्रभावी पैरवी पर जोर, मंडलायुक्त को बनाया जाएगा नोडल अधिकारी

आगरा, 29 मार्च। आगरा डवलपमेंट फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर भेंट कर शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक और ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में ताज ट्रिपेज़ियम ज़ोन (टीटीजेड) में उद्योगों पर प्रतिबंध, उत्तरी बाईपास बनने के बावजूद भारी वाहनों का शहर में प्रवेश, यमुना रिवरफ्रंट विकास तथा आगरा में कृष्ण थीम पार्क जैसे विषय उठाए गए। 
मुख्यमंत्री को बताया गया कि टीटीजेड में प्रतिबंध का असर औद्योगिक गतिविधियों,  रोजगार सृजन, नए निवेश, स्थानीय उद्यमिता और क्षेत्रीय आर्थिक विकास पर पड़ रहा है। सर्वोच्च न्यायालय ने 08 दिसंबर, 2021 को उद्योगों के संबंध में आदेश पारित किया था। इसके साथ ही नीरी द्वारा विभिन्न सेक्टर्स के लिए आवश्यक सेक्टोरियल गाइडलाइंस भी निर्धारित की जा चुकी हैं। इसके बावजूद 14 अक्टूबर, 2024 को पुनः प्रतिबंध लागू हो गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह स्थिति इसलिए बनी क्योंकि न्यायालय के समक्ष सभी प्रासंगिक तथ्य प्रभावी रूप से प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
सुझाव दिया गया कि मामले में प्रभावी और तथ्यात्मक पैरवी कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा के मंडलायुक्त को शासन की ओर से नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा और वे स्वयं इस विषय से अवगत हैं तथा जल्द ही आगरा आकर इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करेंगे। 
इसके अलावा मुख्यमंत्री को बताया गया कि 14 किलोमीटर लंबा उत्तरी बाईपास 04 दिसंबर 2025 से संचालित है, लेकिन इसके बावजूद गैर-आगरा गंतव्य वाले भारी परिवहन वाहन अब भी शहर के भीतर प्रवेश कर रहे हैं। अधिसूचना जारी कर गैर-आगरा गंतव्य भारी वाहनों को अनिवार्य रूप से उत्तरी बाईपास पर डायवर्ट करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। 
यमुना नदी के रिवरफ्रंट विकास पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि प्राथमिकता सतत एवं पर्याप्त जल प्रवाह सुनिश्चित करने की होनी चाहिए। उनका मानना है कि नदी में जल ही नहीं होगा तो रिवरफ्रंट का स्वरूप टिकाऊ और उपयोगी नहीं बन पाएगा। 
बैठक के दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष पूरन डावर ने आगरा को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कृष्ण थीम पार्क की अवधारणा प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने इसे संभावनाशील बताया और विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में मौजूद रहे सचिव के सी जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वे आगरा के महिला समूहों के साथ लखनऊ में बैठक करेंगे या अपने आगामी आगरा दौरे के दौरान उनसे सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इसे शहर के सामाजिक विकास, महिला सहभागिता और जमीनी मुद्दों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments