Agra News: खबरें आगरा की....
आगरा के रामसेवक ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग जीते पदक
आगरा, 29 मार्च। मंगलौर (कर्नाटक) में सम्पन्न हुई सीनियर नेशनल क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शहर के रामसेवक ने दो पदक जीते।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव हरदीप सिंह हीरा ने बताया कि रामसेवक ने उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग टीम की ओर से भाग लेकर एक रजत एवं एक कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। रामसेवक का चयन विगत फरवरी माह में बरेली में संपन्न हुई उत्तर प्रदेश राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के 74 किलो ग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त करने एवं स्ट्रांग मैन ऑफ उत्तर प्रदेश का खिताब प्राप्त करने पर किया गया था।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ की संरक्षक नीलू धाकरे, डी एस धाकरे, सुरेश महाजन, राजीव सोई, देवेंद्र कुमार, सत्येंद्रस्वरी किरन, गिरीश दिवाकर, सुभाष प्रताप, अशोक प्रधान, दीपेंद्र सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, प्रदीप शर्मा, दीपाली शर्मा ने उसकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
_________________________________________
एशियन लैक्रॉस चैंपियनशिप की तैयारी के लिए आगरा में शिविर
आगरा, 29 मार्च। चीन में 21 से 25 अप्रैल तक आयोजित होने वाली एशियन लैक्रॉस चैंपियनशिप की तैयारी के लिए भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर 25 से 30 मार्च तक शहर जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी भाग लेकर तैयारी कर रहे हैं।
यूपी लैक्रॉस एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बंसल ने शिविर में पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की। लैक्रॉस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सी ई ओ तौसीफ लाहरी, सचिव नबी रसूल तथा इमरान लारी ने भी खिलाड़ियों को अपना आशीर्वाद दिया। शिविर की जिम्मेदारी शकील खान, नीरज बत्रा, राजपाल और राजेश शर्मा को सौंपी गई है।
_________________________________________
ईद मिलन समारोह में तीन शख्सियतों का नागरिक अभिनंदन
आगरा, 29 मार्च। जमीयत उलेमा ए हिंद के तत्वावधान में यूथ हॉस्टल संजय प्लेस में रविवार को ईद मिलन समारोह संपन्न हुआ। उद्घाटन मौलाना कारी मोइनुद्दीन और विशाल रियाज किया। मुख्य अतिथि कुलविंदर सिंह हेड ग्रंथी गुरुद्वारा माईथान और सेंट मेरी चर्च के फादर जोसेफ डाबरे थे।
इस अवसर पर अब्दुल जब्बार उर्फ भूरी सिंह फतेहपुर सीकरी का शिक्षा के क्षेत्र में, खावर हाशमी का उर्दू पत्रकारिता के 200 साल पूर्ण होने पर तथा मुफ्ती मोहम्मद ओसामा का धार्मिक शिक्षा के उत्थान के लिए कार्य करने के लिए नागरिक अभिनंदन किया। मौलाना मुफ्ती मोहम्मद इमरान मुफ्ती ए शहर, मौलाना मुफ्ती मोहम्मद इब्राहिम और मौलाना अकील अहमद कासमी ने दुआओं से नवाजा।
कार्यक्रम को मिर्ज़ा ग़ालिब रिसर्च अकेडमी के निदेशक डॉ सैयद इफ्तिखार अहमद जाफरी, भारतीय मुस्लिम विकास परिषद के अध्यक्ष शमी अगाई, मुस्लिम महापंचायत के प्रदेश के सरपंच नदीम नूर, मोहम्मद अमजद कुरैशी, जमात इस्लामी हिंद के मोहम्मद अतीक और खानकाह कदम रसूल बोदला के सलमान शेख, डॉ मोहम्मद आसिम कुरैशी, हाजी हारून पहलवान, हाजी मोहम्मद अंसार, हाजी मोहम्मद शहजाद, चौधरी अली साबरी, मोहम्मद एजाज उद्दीन, हाजी मोहम्मद अयूब, हाजी कदीर, इरशाद भाई, मोहम्मद रईस और इमरान कुरैशी समेत अनेक लोगों ने संबोधित किया। संचालन मौलाना मोहम्मद उजैर आलम नायब शहर काजी ने तथा धन्यवाद सगीर अहमद ने किया।
_________________________________________
"विश्व पटल पर शान्ति कायम हो" दुआ में शामिल हुए बच्चे भी
आगरा, 29 मार्च। ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग पर पूरे विश्व की निगाहें लगी हैं। शहर रविवार को नमाज के बाद हाफिज अरकान उमर के नेतृत्व में शांति की दुआ की गई। दुआ में बुजुर्ग, नवयुवक के साथ-साथ बच्चे भी शामिल हुए।
हिन्दुस्तानी बिरादरी संस्था के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने बताया कि यह पहला मौका है जब मासूम बच्चे, घरेलू महिलाएँ, बुजुर्ग आदि जंग की समाप्ति की दुआ में शामिल दिखाई दिये। उन्होंने बताया कि इसी तरह कैथ वाली मस्जिद के प्रबन्धक जमीतुल कुरैशी के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. शरीफ के नेतृत्व में भी दुआ कराई गई।
_________________________________________
राणा सांगा के शौर्य को नमन किया स्वयंसेवकों ने
आगरा, 29 मार्च। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अंत्योदय मिलन कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों ने रविवार को राजस्थान के भरतपुर जिले में खानवा में स्थित सम्राट राणा सांगा के स्मारक का भ्रमण किया।
यह कार्यक्रम देश के इतिहास को समझने पहचानने के प्रयास के अंतर्गत किया गया। खानवा के स्वयंसेवकों बंधुओं ने वहां का इतिहास बताया। सभी स्वयंसेवकों ने राणा सांगा के शौर्य को नमन किया।
स्वयंसेवकों का प्रतिनिधित्व कर रहे अनंत विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि यह बहुत बड़ी विडम्बना है कि आगरा के पास देश के इतिहास का ऐसा गौरवपूर्ण स्थान उपेक्षा का शिकार है। इतिहास बोध का अभाव हिन्दू समाज की बहुत बड़ी समस्या है। उन्होंने नई पीढ़ी को इतिहास के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments