आगरा में भी मथुरा जैसा दर्दनाक हादसा, चलती बस में टूटे फर्श से नीचे गिरी मासूम बालिका, पहिये के नीचे आकर मौत

आगरा, 11 मार्च। पड़ोसी जनपद मथुरा में पिछले दिनों चलती बस का फर्श टूटने से छात्रा की मौत जैसा ही हादसा बुधवार को आगरा में भी हो गया। यहां एत्मादपुर क्षेत्र में चलती बस का फर्श टूटने से नौ वर्षीया छात्रा नीचे जा गिरी और पहिये के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, यह हादसा थाना एत्मादपुर क्षेत्र के नगला लाले में हुआ। क्षेत्रीय निवासी ब्रह्मजीत की नौ वर्षीया पुत्री नैना आरबीएस स्कूल एत्मादपुर में कक्षा एक में पढ़ती थी। वह प्रतिदिन की भांति बस से स्कूल गई थी और दोपहर में छुट्टी के बाद बस से वापस लौट रही थी।
बताया गया है कि स्कूल बस बेहद खराब हालत में थी। बस का फर्श गला हुआ था और उस पर लकड़ी का तख्ता डाला हुआ था। हादसे के समय बस के चलते समय तख्ता हट गया और नैना सीट से नीचे सड़क पर जा गिरी। उसके ऊपर से पहिया निकल गया। बस में बैठे बच्चों ने शोर मचाया, तो चालक ने बस रोकी। खून से लथपथ नैना सड़क पर पड़ी थी।
उधर काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं पहुंची तो उसके पिता ने स्कूल में संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि बच्ची का एक्सीडेंट हो गया है। उसे इलाज के लिए गोयल हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जब तक परिजन हॉस्पिटल पहुंचे तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाए हैं।नैना के पिता ब्रह्मजीत ने स्कूल प्रबंधन पर हादसे के बाद जानकारी न देने का आरोप लगाया। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments