आगरा आए डीजी फायर की घोषणा- प्रदेश भर के श्रेष्ठ कार्य करने वाले जवानों को हर माह मिलेगा पुरस्कार, रुकी पड़ी प्रोन्नतियां शुरू होंगी || संजय प्लेस फायर स्टेशन का किया निरीक्षण

आगरा, 11 मार्च। राज्य के अग्निशमन विभाग के महानिदेशक (डीजी फायर) सुजीत पांडे ने बुधवार को यहां घोषणा की कि प्रदेश में हर माह पांच-छह श्रेष्ठ कार्य करने वाले अग्निशमन जवानों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी बनाकर श्रेष्ठ जवानों का चयन किया जाएगा। इसके साथ ही अभी तक रुकी हुई विभागीय प्रोन्नतियों को भी शुरू किया जाएगा।
डीजी फायर बुधवार को आगरा दौरे के दौरान संजय प्लेस स्थित फायर स्टेशन में अग्निशमन कर्मियों के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नए वाहन और अग्निशमन उपकरणों की खरीद कर विभाग को उच्चीकृत किया जाएगा। सरकार इसके लिए फंड दे रही है। 
सुजीत पांडे ने इस दौरान अग्निशमन कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं और सभी समस्याओं के समुचित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने ड्यूटी को मेहनत और श्रेष्ठता से अंजाम देने के लिए तीन जवानों को पुरस्कृत भी किया।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पहुंचे डीजी फायर ढाई घंटे तक इस फायर स्टेशन में रहे। उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण करते हुए अग्निशमन यंत्रों का जायजा भी लिया। दमकलों में मौजूद होने वाले अग्निशमन यंत्रों की भी विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के बाद संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि जिस अल्ट्रा मॉडल फायर स्टेशन की कल्पना की गई थी, काफी हद तक उसका स्वरूप दे दिया गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही एक मिनट के अन्दर ही अग्निशमन वाहन रवाना हो जाता है। उन्होंने संजय प्लेस फायर स्टेशन के रखरखाव और जवानों के अनुशासन की भी प्रशंसा की। डीजी फायर ने इस दौरान जिले के मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र कुमार सिंह, एफएसओ सोमदत्त सोनकर, एफएसएसओ अभिषेक यादव, एफएसएसओ विनय और एफएसएसओ महेंद्र से भी कार्यशैली पर चर्चा की और अग्निशमन सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व उनके आगमन पर जिले की सीमा पर अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने उनकी अगवानी की। फायर स्टेशन पहुंचने पर जवानों ने डीजी फायर को सलामी दी। गौरतलब है कि डीजी फायर सुजीत पांडे पूर्व में आगरा में पुलिस महानिरीक्षक रह चुके हैं।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments