पार्किंग स्थल न बनने तक घने बाजारों में दोपहिया वाहनों के नहीं होंगे चालान!!
आगरा, 31 मार्च। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि पार्किंग की व्यवस्था न होने तक शहर में घने बाजारों में दुकानों के बाहर खड़े होने वाले दो पहिया वाहनों के चालान नहीं किए जाएंगे। यह दावा आगरा व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष जय पुरसनानी ने एक विज्ञप्ति में किया।
विज्ञप्ति के अनुसार, जिलाधिकारी ने यह आश्वासन विगत दिवस कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला वाणिज्य बंधु की बैठक में दिया। जिलाधिकारी ने नगर निगम के अपर आयुक्त को पार्किंग का शीघ्र निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने भी आश्वासन देते हुए कहा कि बिना पार्किंग वाले घने बाजारों की सूची उन्हें उपलब्ध करा दी जाए, जिससे वहां चालान की कार्रवाई रोकी जा सके।
इससे पूर्व व्यापारियों ने आश्वासन के छह साल गुजरने के बावजूद नगर निगम द्वारा पार्किंग स्थल तैयार न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। बैठक में स्कूल यूनिफार्म और किताब कापियों पर कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया गया। पालीवाल पार्क की समस्याओं को भी रखा गया। ताजगंज में नगर निगम की बंद पड़ी डिस्पेंसरी को पुनः संचालित किए जाने की मांग की गई।
बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त शिशिर कुमार सिंह, एडीएम शुभांगी शुक्ला, टोरंट पावर्ड के विमर्श पंडित, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद सिंह भी उपस्थित रहे। व्यापारियों की ओर से जय पुरसनानी, राकेश बंसल, संदीप गुप्ता, चेतन अरोड़ा, संजय अरोड़ा, देवेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments