Agra News: खबरें आगरा की.....

महावीर जयंती पर रथयात्रा को सांसद नवीन जैन ने दिखाई हरी झंडी
आगरा, 31 मार्च। महावीर जयंती के पावन अवसर पर शहर में धार्मिक आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। वर्षों पुरानी प्राचीन रथ यात्रा को नगर भ्रमण के लिए बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना किया गया। 
मुख्य अतिथि सांसद नवीन जैन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
महावीर जयंती के इस अवसर पर आयोजित रथ यात्रा ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का भी संदेश दिया।
_________________________________________
डॉ. गिरीश गुप्ता दिल्ली में सम्मानित
आगरा, 31 मार्च।  नई दिल्ली में दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित मालवीय स्मृति भवन में वरिष्ठ नागरिक आवाज़ पत्रिका परिवार द्वारा विगत दिवस विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय भारत में "वरिष्ठ नागरिक: खुशहाल या बदहाल" रहा, जिसमें दिल्ली-एनसीआर की लगभग 30 से अधिक प्रमुख वरिष्ठ नागरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मा. हरिशंकर सिंह: अध्यक्ष, महामना मालवीय मिशन ने की। समारोह के मुख्य अतिथि आगरा के डॉ. गिरीश सी. गुप्ता (सह-संस्थापक एवं सेवा प्रमुख, वृद्धजन सम्मान समिति) रहे। विशिष्ट अतिथियों में एम.के. रैना अध्यक्ष, अखिल भारतीय वरिष्ठ नागरिक महासंघ, डॉ. समीर सूद संस्थापक निदेशक, शार्प साइट आई हॉस्पिटल्स, डॉ. आभा चौधरी: चेयरपर्सन, अनुग्रह शामिल थे।
समारोह के दौरान डॉ. गिरीश सी. गुप्ता को उनके द्वारा समाज और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए गए 60 वर्षों के सेवा कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें शाल ओढ़ाकर, पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सरदारी लाल गुप्ता द्वारा किया गया। गोष्ठी में 'संगीत सुरभि' द्वारा प्रेरक संगीत प्रस्तुति दी गई, जिसने वातावरण को नई ऊर्जा से भर दिया। 
_________________________________________
ट्रेलर ने पीछे से मैक्स गाड़ी में टक्कर मारी, दो घायल
आगरा, 31 मार्च। थाना एत्मादपुर क्षेत्र में मंगलवार की शाम नवलपुर कट पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से मैक्स गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैक्स गाड़ी सीधे आगे चल रहे ट्रैक्टर में जा भिड़ी।
यह हादसा शाम करीब चार बजे हुआ। मैक्स गाड़ी में सरिया लदा हुआ था और उसमें सवार दो लोग आगरा की ओर जा रहे थे। हादसे में मैक्स गाड़ी में सवार दोनों लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान शिवम यादव, पुत्र जेपी यादव, निवासी नगला रामबक्श, रमाकांत, पुत्र रामसहाय, निवासी रनपई, थाना एत्मादपुर के रूप में हुई। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेलर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बीच आगे चल रहा ट्रैक्टर चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि ट्रैक्टर चालक की क्या भूमिका रही और वह घटनास्थल से क्यों भागा।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments