पति ने पत्नी को बेरहमी से पीटा तो मायके वाले उसे पीटने आ गए, अब पति चिट्ठी छोड़ कर हुआ लापता

आगरा, 06 मार्च। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के सीता नगर में नशे में धुत पति ने पत्नी को बेरहमी से पीट दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे पत्नी के मायके वालों ने भी घर में घुसकर पति की पिटाई कर दी। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। उधर पति शुक्रवार की तड़के टेबल पर चिट्ठी छोड़कर लापता हो गया। बताया गया है कि नवजात के नामकरण से एक दिन पहले बच्चे का नाम रखने को लेकर पति और पत्नी में विवाद हो गया था। पुलिस अब पति की तलाश में जुटी है।
खबरों के मुताबिक, सीता नगर निवासी अभिषेक ठाकुर की शादी डेढ़ साल पहले मोती बगीची, लंगड़े की चौकी निवासी वंशिका सिकरवार से हुई थी। पिछली 21 फरवरी को वंशिका ने बेटे को जन्म दिया। 
वंशिका का आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब पीकर मामूली बात पर मारपीट करता है। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। गुरुवार की शाम वह पति से अगले दिन बेटे के नामकरण को लेकर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि पति ने गाली-गलौज करते हुए उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और चप्पल से पीटा। इससे उसके टांके खुल गए। वह गंभीर घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उसने मायके पक्ष को सूचना दी।
दूसरी ओर अभिषेक के पिता जितेंद्र भदौरिया का कहना है कि बेटे और बहू के बीच बच्चे के नामकरण को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसी दौरान वंशिका ने अपने पिता विक्रम सिंह और भाई वंश को फोन कर दिया। वे लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। उन्होंने अभिषेक की पिटाई कर दी। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसके बाद आहत होकर अभिषेक शुक्रवार तड़के टेबल पर चिट्ठी छोड़कर चला गया। पुलिस अभिषेक की तलाश में जुटी है।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments