स्कूल बस में मासूम छात्रा की मौत पर परिवहन विभाग के चार अधिकारी भी निलंबित, स्कूल संचालक और बस चालक के खिलाफ मुकदमा
आगरा, 12 मार्च। एत्मादपुर तहसील क्षेत्र में स्कूल बस हादसे में मासूम छात्रा की मौत के बाद राज्य के परिवहन मंत्री दयाशंकर ने संज्ञान लेते हुए चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
खबरों के मुताबिक, चारों निलंबित अधिकारियों के खिलाफ जांच चलेगी। सहायक संभागीय प्रवर्तन अधिकारी के निलंबन की संस्तुति कर रिपोर्ट शासन को भेजी है।
गौरतलब है कि बुधवार 11 मार्च को दोपहर करीब ढाई बजे एत्मादपुर क्षेत्र में आरबीएस स्कूल की बस के टूटे फर्श से नीचे गिरकर कक्षा एक की छात्रा नैना की मौत हो गई थी। बच्ची के पिता ने स्कूल संचालक और बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया।
परिवहन विभाग ने भी जांच की और बस की तकनीकी स्थिति काफी खराब पाई गई। इसके बावजूद संबंधित प्रवर्तन अधिकारियों ने वाहन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसलिए प्राथमिक जांच में दोषी पाए गए चार यात्री/मालकर अधिकारी नीलम, अमित वर्मा, शारदा मिश्रा ओर शिव कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया गया।
कहा जा रहा है कि सहायक संभागीय अधिकारी पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। निलंबन अवधि में सभी अधिकारी परिवहन आयुक्त कार्यालय से संबद्ध रहेंगे। उप परिवहन आयुक्त संजय सिंह को जांच अधिकारी नामित कर उन्हें एक माह में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
खबरों के अनुसार, हादसे के बाद आरटीओ की टीम बस का रिकॉर्ड खंगालती रही, मगर आरबीएस हायर सेकंडरी स्कूल के नाम से कोई बस पंजीकृत नहीं मिली। चालक के बारे में भी जानकारी नहीं मिली। केवल यही पता चला कि चालक एत्मादपुर निवासी नरेंद्र सिंह है। बस काफी जर्जर हो गई थी। विद्यार्थियों ने पुलिस को बताया कि बस आए दिन खराब हो जाती थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि स्कूल बस पिछले 13 साल से चल रही थी। संचालक ने बस का परमिट भी नहीं लिया। उसका स्कूल बस के रूप में आरटीओ में कोई रिकॉर्ड नहीं है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments