कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस लीक होने से आधा दर्जन बच्चों समेत बीस लोगों की हालत खराब, पूरा गांव खाली कराया, दस दमकलें, वरिष्ठ अधिकारी राहत और बचाव में जुटे

आगरा, 12 मार्च। थाना पिनाहट के कुकथरी गांव में गुरुवार रात को कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस की लीकेज होने से भारी दहशत फैल गई। एक कर्मचारी के बेहोश होने और बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी होने से निकट के गांव हड़कंप मच गया। आनन-फानन में गांव को खाली कराया गया। फायर ब्रिगेड की दस दमकलें मौके पर पहुंच गईं। सूचना मिलते हो जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी और डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
खबरों के अनुसार, अमोनिया गैस का रिसाव होने से शीतगृह में काम कर रहा कर्मचारी सलीम बेहोश हो गया, इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन होने लगी। कोल्ड स्टोर के पास में ही रिहायशी क्षेत्र है। गैस के चलते बच्चों को भी परेशानी होने पर रामसजन के बेटे पार्थ, माधव और बेटी रेनू, सुभाष के बेटे सोनी, राकेश की बेटी आयुषी के साथ ही रविकांत की बेटी परी सहित अन्य को भर्ती कराया गया।
बच्चों को उल्टियां हो रही थीं। आधा दर्जन बच्चों सहित बीस लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। खूंटे से बंधे जानवरों को भी खोल दिया गया। 
गैस रिसाव को देखते हुए एहतियातन अनाउंसमेंट कराकर पूरा गांव को खाली करा लिया गया। लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन हो रही थी बच्चों और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। तेज बदबू की वजह से कुछ समय के लिए गांव से गुजरना भी मुश्किल हो गया। गांव से सभी लोग करीब दो किलोमीटर दूर भेजे गए हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने मीडिया को बताया कि सभी मरीजों को घबराहट और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी। उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य है। गैस की बदबू फैलने से गांव में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना हुआ है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments