Agra News: खबरें आगरा की...
तीन दिन के प्रवास पर आया अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल, विकास कार्यों का भ्रमण करेगा
आगरा, 12 मार्च। अमेरिका के 15 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को यहां पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान सतत शहरी विकास पर चर्चा करेगा और विभिन्न विकास कार्यों का भ्रमण करेगा। साथ ही महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, शहर के गणमान्य सदस्यों व अधिकारियों से चर्चा करेगा।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बताया कि वह बीते वर्ष सिस्टर सिटीज अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत कजान (रूस) गईं थी, वहीं पर इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई थी। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत हर्ष दिवाकर, डॉ रोहित बंसल, डॉ. संदीप अग्रवाल ने किया। प्रो. डी. के. हाजरा ने अतिथियों का सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल ने बाईपास मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल का भ्रमण किया। इसके बाद ताजमहल को निहारा। शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल मॉल रोड के निकट स्थित एक होटल में वैश्विक शहरों के सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए बैठक में शामिल होगा। तीसरे दिन प्रतिनिधिमंडल आगरा फोर्ट, एत्माद्दौला, गुरुद्वारा गुरु का ताल सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेगा और चौथे दिन फतेहपुर सीकरी का भ्रमण करते हुए जयपुर चला जाएगा।
_______________________________________
सांसद चाहर ने ब्रज के विकास के लिए मांगा विशेष पैकेज
आगरा, 12 मार्च। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर ने लोकसभा में ब्रज क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए।
चाहर ने सुझाव दिया कि आगरा, फतेहपुर सीकरी, मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, गोकुल, बटेश्वर, भरतपुर और धौलपुर को जोड़ते हुए पूरे ब्रज क्षेत्र को एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाए, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों का आवागमन बढ़े और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्प उद्योग को पर्यटन से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी के कारीगरों द्वारा बनाई जाने वाली दरियां दुनिया भर में निर्यात होती हैं, जिन्हें और प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है।
सांसद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि टीटीजेड और एनजीटी की बाध्यताओं के कारण विकास में आ रही रुकावटों को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज दिया जाए और उत्तर प्रदेश सरकार को निर्देशित किया जाए। साथ ही उन्होंने आगरा पर्यटन को आईटी हब के रूप में विकसित करने और फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को बढ़ावा देने की भी मांग की।
_______________________________________क्रिकेट एसोसिएशन का पुरस्कार वितरण समारोह 24 को
आगरा, 12 मार्च। डिस्ट्रक क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने एक विज्ञप्ति में बताया कि एसोसिएशन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन कर रहा है। यह समारोह 24 मार्च को सायं पांच बजे से कैप्टन अनेक सिंह ग्राउण्ड एत्मादपुर पर आयोजित किया जाएगा।
_______________________________________
अभिभावक संघ ने दिया ज्ञापन
आगरा, 12 मार्च। निजी विद्यालयों द्वारा बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए संचालित किए जा रहे कई वाहन बिना वैध फिटनेस के चल रहे हैं। यह बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही है और उनके जीवन से सीधा खिलवाड़ है। इसी विषय को लेकर अभिभावक संघ द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में खंदौली क्षेत्र में आर.बी.एस इंटरनेशनल स्कूल की बस से हुई दुर्घटना ने पूरे जनमानस को झकझोर दिया है। यह घटना स्पष्ट करती है कि कई निजी विद्यालय बच्चों के परिवहन में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग की है कि जनपद के सभी निजी विद्यालयों द्वारा संचालित वाहनों की तत्काल फिटनेस जांच कराई जाए तथा बिना फिटनेस और बिना पंजीकरण वाले वाहनों का संचालन तुरंत बंद कराया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। अभिभावक संघ आगरा के सयोजक डॉ.मदन मोहन शर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग गंभीरता से जनपद के सभी स्कूल वाहनों की सघन जांच कराये।
_______________________________________
मतदाता चैम्बर के आई कार्ड के साथ अन्य पहचान पत्र भी लाएं
आगरा, 12 मार्च। नेशनल चैम्बर सभागार में चुनाव समिति की बैठक चेयरमैन मनीष अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई जिसमें 14 मार्च को प्रस्तावित चुनावों के लिए इंतजामों की समीक्षा की गयी। बैठक में कहा गया कि जो सदस्य शहर से बाहर होने के कारण अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाने की स्थिति में हों वे अपनी अग्रिम सूचना चैम्बर कार्यालय के ई-मेल office@ncicagra.in व वाट्सअप नं0 9368774368 पर दे दें। जिससे उनके मत का गलत प्रयोग न हो सके तथा चैम्बर के सदस्य मतदान हेतु चैम्बर के आई कार्ड के साथ-साथ अन्य पहचान पत्र भी साथ रखकर सहयोग प्रदान करें।
बैठक में चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल, को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल, सीताराम अग्रवाल, महेन्द्र सिंघल, अध्यक्ष संजय गोयल उपस्थित थे। _______________________________________
साईं लीलाशाह के 146वें जन्मोत्सव पर रथयात्रा, हवन, गौवंश का भंडारे का आयोजन 13 को
आगरा, 12 मार्च। संत साईं लीलाशाह का जन्मोत्सव पर 13 मार्च को मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण गौशाला, न्यू शाहगंज में इस दिन शाम 6.30 बजे भव्य रथयात्रा का आयोजन होगा। सैकड़ों श्रद्धालु पावन कुटिया के दर्शन करेंगे। यह जानकारी न्यू शाहगंज स्थित श्रीकृष्ण गौशाला कमेटी के अध्यक्ष गिरधारीलाल भगत्यानी ने दी। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को साईं लीलाशाह की रथयात्रा श्रीकृष्ण गौशाला से प्रारम्भ होकर शाहगंज क्षेत्र में लाड़ली कटरा, सोरों कटरा, शाहगंज चौराहा, रुई की मंडी, जोगीपाड़ा, भोगीपुरा, सीओडी तिराहा, साकेत कॉलोनी चौराहे से होती हुई श्रीकृष्ण गौशाला पहुंचेगी। इससे पूर्व प्रातः 8.30 बजे सत्गुरु का दुग्धाभिषेक, 9.30 बजे हवन व 10 बजे भजन कीर्तन व गौवंश का भंडारा होगा। दोपहर 12 बजे सभी भक्तों के लिए प्रसाद व भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments