कमलानगर के युवा शेयर ट्रेडर की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों का दोस्तों पर हत्या का आरोप, पुलिस ने बिसरा जांच के लिए भेजा
आगरा, 27 मार्च। कमलानगर निवासी शेयर ट्रेडिंग करने वाले युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो जाने की खबर है। युवक के परिजनों ने उसकी महिला मित्र व दो दोस्तों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस छानबीन में जुटी है। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कमलानगर के तेजनगर निवासी अनुराग शर्मा का पुत्र अंशुमान भारद्वाज (21 वर्ष) शेयर ट्रेडिंग करता था। माता-पिता का अंशुमान इकलौता बेटा था। पिता अनुराग शर्मा दस वर्षों से गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। ऐसे में अंशुमान ही शेयर ट्रेडिंग से होने वाले मुनाफे से अपना व माता-पिता का भरण-पोषण कर रहा था। गुरुवार की पूर्वाह्न 11:30 बजे किसी की फोन कॉल आने पर अंशुमान जगदीशपुरा क्षेत्र में जीवन ज्योति हास्पिटल के पास किसी से मिलने के लिए गया। दोपहर करीब ढाई बजे वहीं अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। दोस्तों ने उसे जूस पिलाया। अंशुमान के दो दोस्त व गढ़ी भदौरिया निवासी महिला मित्र उसे इलाज के लिए जीवन ज्योति हास्पिटल लेकर पहुंचे।
हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने अंशुमान को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी रेफर कर दिया। एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने युवक को जहर देकर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि साजिश के तहत अंशुमान की हत्या की गई। महिला मित्र के बुलाने पर पहुंचे अंशुमान का दोनों दोस्तों से छह महीने पहले खरीदी गई कार को लेकर विवाद चल रहा था।
थाना प्रभारी जगदीशपुरा प्रदीप कुमार ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं है। इसलिए बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments