पालीवाल पार्क में अराजक तत्वों का तांडव, दिन में ऐलान देने के बाद रात में मचाई तोड़फोड़
आगरा, 30 मार्च। शहर के मध्य में स्थित पालीवाल पार्क में अराजक तत्वों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बीती रात जमकर तोड़फोड़ की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दर्जन भर से अधिक युवकों ने ग्रिल फांदकर पार्क में प्रवेश किया और ईको क्लब, सहयोग वाटिका, योगा प्वाइंट सहित कई स्थानों पर भारी नुकसान पहुंचाया। इन तत्वों ने दुस्साहसिक तरीके से दिन में पहले घटना से सुरक्षा गार्डों को पार्क तहस-नहस करने की धमकी दी और रात में उस पर अमल कर दिखाया।
बताया गया है कि पीर कल्याणी क्षेत्र के तीन लड़के एक दिन पहले ही पार्क में आकांक्षा समिति द्वारा लगाये गये पौधों के क्षेत्र में लगे खंभों को तोड़ रहे थे। सुरक्षा गार्ड ने रोका तो झगड़े पर उतारू हो गये। गार्ड की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को थाने ले गई। इनके परिजनों के माफी मांगने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। गार्ड का कहना है कि बाद में इन्हीं युवकों ने पार्क को तहस-नहस करने की धमकी दी।
बीती रात दर्जन भर से अधिक अराजक तत्व ग्रिल फांदकर पार्क में घुसे और जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने बेंचों को तोड़ डाला, पानी की टंकियों को क्षतिग्रस्त कर दिया, सिंचाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइनों को उखाड़ दिया और यहां तक कि सबमर्सिबल पंप के स्टार्टर को तोड़ने के साथ ही बिजली की लाइनें भी उखाड़ फेंकीं।
घटना के समय पार्क में तैनात चार सुरक्षा गार्डों को तोड़फोड़ की भनक लग गई। गार्डों ने इन तत्वों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने गार्डों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे गार्ड पीछे हटने को मजबूर हो गये। हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वे उन्हें रोक नहीं सके। गार्डों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची, आरोपी फरार हो चुके थे।
सुबह करीब पांच बजे जब लोग टहलने के लिए पार्क पहुंचे तो पार्क को तहस नहस देखकर दंग रह गए।
पालीवाल पार्क के निरीक्षक शिव कुमार का कहना है कि विगत रात्रि घटना के बारे में सुरक्षा गार्डों ने उसी समय पुलिस को सूचना दे दी थी। अब वे इस घटना के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार कार्यवाही करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments