संजय प्लेस के कैफे में देर रात भीषण आग, पांच लोग फंसे, फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित बचाया

आगरा, 30 मार्च। थाना हरिपर्वत क्षेत्र में स्थित शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस देर रात आग लग जाने से एक कैफे पूरी तरह स्वाहा हो गया। आग के दौरान चौथी मंजिल पर पांच लोग फंस गए और उनकी जान पर बन आई, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता से उन्हें बचा लिया गया।
संजय प्लेस फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि रात करीब पौने एक बजे आग लगने की सूचना मिली। तुरंत ही दमकलें मौके पर पहुंच गईं। यह आग होटल पीएल पैलेस के पीछे ब्लॉक 25 में पहली मंजिल पर स्थित गो ऑन कैफे में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग में कैफे का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर स्वाहा हो गया। आग पर करीब एक घंटे के अथक प्रयासों के बाद काबू पाया जा सका।
सोनकर ने बताया कि इसी इमारत की चौथी मंजिल पर पीएल पैलेस होटल के ही पांच कर्मचारी भी रह रहे थे। आग लगने से वे भी घबरा गए और निकट की दूसरी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर कूद गए थे। लेकिन वहां से निकलने का रास्ता न मिलने के कारण उनकी घबराहट कम नहीं हो रही थी। दमकल कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पांचों लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को आसपास और ऊपर नीचे के भवनों में फैलने से रोक लिया। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो यह आग अन्य भवनों को भी चपेट में ले सकती थी। यह आग देर रात लगी, यदि दिन में यह हादसा होता तो वहां मौजूद लोग भी चपेट में आ सकते थे।
आग को देख क्षेत्रीय लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही थाना हरिपर्वत और संजय प्लेस पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भीड़ को नियंत्रित किया और एहतियाती कदम उठाए।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। 
यह भी उल्लेखनीय है कि संजय प्लेस में कई कैफे, रेस्तरां और फास्ट फूड सेंटर बिना पर्याप्त अग्निशमन उपायों के चल रहे हैं। अधिकांश के पास फायर की एनओसी भी नहीं है। इस घटना ने प्रशासन के लिए सबक दिया है कि इन सेंटरों को एनओसी की जांच होनी चाहिए, वरना ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता।
__________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments