नगला रामबल छापा, अवैध गैस रिफिलिंग और सिलेंडरों का भण्डारण मिला
आगरा, 17 मार्च। जिला आपूर्ति विभाग ने मंगलवार को शहर में नगला रामबल में अवैध गैस रिफिलिंग व भण्डारण पर छापा मारा और 18 एलपीजी सिलेण्डर और रिफिलिंग उपकरण बरामद किए। इस कार्रवाई से आसपास के क्षेत्रों में हड़कम्प मच गया।
मुखबिर की सूचना पर जांच टीम सेन्ट्रल आगरा पब्लिक स्कूल के सामने वाली गली में कृष्णा विहार कॉलोनी नगला रामबल में स्थित मकान पर पहुंची। यहां मौके पर एक व्यक्ति बैठा मिला तथा बाहरी अहाते में लगे केले के पेड़ के पास 06 कॉमर्शियल सिलेण्डर जिनमें से 04 खाली व दो भरे (02 खाली HP कम्पनी व 02 खाली इण्डेन एवं 02 भरे इण्डेन), 11 घरेलू सिलेण्डर सभी इण्डेन के (07 भरे व 04 खाली), 02 डबल साइड रिफलर (बांसुरी) एवं 01 पोर्टबल वेडिंग मशीन रखी मिली। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम टीटू चौहान निवासी नन्दलालपुर बताया। यह व्यक्ति सिलेंडरों के विषय में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही कागजात दिखाये।
मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गयी, जिसका लाभ उठाकर टीटू चौहान मौके से फरार हो गया।
बता दें कि गैस सिलेण्डरों का अवैध भण्डारण करना और रिफलिंग करना द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन है जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 (यथा संशोधित) की धारा 3/7 क अन्तर्गत दण्डनीय अपराध है।
मौके पर पाये गये सिलेण्डरों व उपकरणों से स्पष्ट है कि टीटू चौहान द्वारा गैस भण्डारण व रिफलिंग का कार्य किया जा रहा है। मौके से बरामद सिलेंडरों, रिफलर (बांसुरी) व पोर्टेबल वेयिंग मशीन को कब्जे में लेकर मैसर्स थापर गैस सर्विस के प्रतिनिधि सुशील अग्निहोत्री को इस निर्देश के साथ दिया गया कि व उक्त को अपनी अभिरक्षा में सुरक्षित रखेंगे तथा सक्षम अधिकारी/न्यायालय के माँगे जाने पर प्रस्तुत करेंगे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments