समय से शिकायत दर्ज कराई तो वापस मिल गए साठ हजार रुपये

आगरा, 17 मार्च। साइबर ठगी की समय से शिकायत दर्ज कराने का लाभ खेरागढ़ क्षेत्र के एक ग्रामीण को मिल गया और उससे ठगी गई साठ हजार रुपये की रकम वापस मिल गई। इसमें खेरागढ़ पुलिस की सक्रियता का भी योगदान रहा।
खबरों के अनुसार, पिछले वर्ष 13 सितंबर को हुई, खेरागढ़ क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी रामकुमार पुत्र गोपाल सिंह के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर कहा कि गलती से उसके खाते में 60 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। उसने रामकुमार को बातों में उलझाकर यह रकम ठग ली।
ठगी का एहसास होने पर रामकुमार ने तत्काल थाना खेरागढ़ पुलिस को सूचना दी। थाना खेरागढ़ पुलिस ने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर शिकायत संख्या पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक शाखा चित्तूर (आंध्र प्रदेश) से समन्वय स्थापित किया और ठगी गई धनराशि को होल्ड करा दिया। 
इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर बैंक के नोडल अधिकारी के माध्यम से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इन प्रयासों के बाद सोमवार को 60,000 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित रामकुमार के खाते में वापस जमा करा दी गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मदन सिंह, उपनिरीक्षक बृज गोपाल और कंप्यूटर ऑपरेटर तरुण गौड़ की भी भूमिका रही।
थाना प्रभारी मदन सिंह का कहना है कि साइबर अपराध के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश के झांसे में आकर धनराशि का लेन-देन न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments