एक्शन: आठ वर्षीया मासूम बालिका का हत्यारा मुठभेड़ में ढेर

आगरा, 28 मार्च। थाना ताजगंज के अंतर्गत सिद्धार्थ नगर गोबर चौकी क्षेत्र में आठ वर्षीया मासूम बालिका की गला काटकर हत्या करने के आरोपी सुनील को पुलिस ने शनिवार की तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। सुनील पर पच्चीस हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस की बारह टीमें अभियुक्त की तलाश में लगी हुई थीं। इस बीच खबर मिली कि हत्यारोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में है। थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में टीमों ने घेराबंदी की। अभियुक्त सुनील ने पुलिस टीमों पर जान से मारने की नीयत से कई फायर किये जिसमें एक उप निरीक्षक घायल हो गए। टीमों द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में सुनील गोली लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि अभियुक्त के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बिना नंबर, तमंचा 315 बोर, छह खोखे कारतूस एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की फायरिंग में एक गोली दरोगा के हाथ में लगी। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिद्धार्थ नगर क्षेत्र में विगत 24 मार्च को एक आठ वर्षीया बालिका गायब हुई थी। खोजबीन के दौरान अगले ही दिन बच्ची का शव उसी के मकान में किराए पर रह रहे सुनील के कमरे से बरामद हुआ। तब से वह फरार था। 
पुलिस जांच में सामने आया था कि 11 दिन पहले बकाया किराए को लेकर बच्ची के चाचा ने उसे थप्पड़ मार दिया था और कमरे पर ताला लगा दिया था। यह बात उसे नागवार गुजरी। उसने बाद में किराया तो दे दिया, लेकिन देख लेने की धमकी भी दी थी। इसके बाद बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments