Agra News: खबरें आगरा की...
भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने पीड़ित परिवार से कराई समाज कल्याण मंत्री की बात, मदद का भरोसा
आगरा, 27 मार्च। ताजगंज क्षेत्र में सिद्धार्थ नगर में आठ वर्षीय मासूम प्रज्ञा की निर्मम हत्या से शोक की लहर है। भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस दौरान उपेन्द्र सिंह ने फोन के माध्यम से प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण से पीड़िता के पिता दिनेश कुमार की बातचीत भी कराई। मंत्री असीम अरुण ने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक व सामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
_________________________________________
सेंट्रल जेल के कैदियों के साथ मनाई राम नवमी
आगरा, 27 मार्च। राम नवमी के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सत्यमेव जयते ट्रस्ट व चन्द्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट की ओर से सेन्ट्रल जेल में रामनवमी महोत्सव मनाया गया। हवन कर कैदियों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की गई।
इस दौरान कैदियों ने भी भजनों का प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया। बर्फी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से हलुवा चने का प्रसाद वितरण हुआ। इस मौके पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक ओमप्रकाश कटियार के अलावा राजीव कुमार जैन, सचिन गोयल, रश्मि गर्ग, गौतम सेठ, राजकुमार गर्ग, मुकेश कुमार, कीर्ति अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, निशा टंडन, नीलम गुप्ता, सोनाली अग्रवाल, रजनी कुशवाह, जितेन्द्र सिंह, श्रीकृष्ण शर्मा, कपिल बंसल उपस्थित रहे।
_________________________________________
चाहर ने लोकसभा में की बाह-बटेश्वर को नया जिला अटल नगर बनाने की मांग
आगरा, 27 मार्च। लोकसभा के बजट सत्र के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने बाह-बटेश्वर को “अटल नगर” घोषित कर नया जिला बनाने की मांग उठाई।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी का बाह-बटेश्वर, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव है। इसके साथ ही जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ की तपोस्थली सोरीपुर-बटेश्वर के रूप में भी विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है। जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर होने के कारण प्रशासनिक सुविधाओं में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने कहा कि वर्तमान में अटल बिहारी का जन्म शताब्दी वर्ष चल रहा है, ऐसे में बाह-बटेश्वर को “अटल नगर” बनाकर नया जिला घोषित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही इससे क्षेत्र के चौमुखी विकास को नई गति मिलेगी और पर्यटन, रोजगार व बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार आएगा।
_________________________________________
रामनवमी पर दरियानाथ मंदिर से निकली शोभायात्रा
आगरा, 27 मार्च। रामनवमी पर राजामंडी बाजार स्थित प्राचीन सिद्ध श्री दरियानाथ मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और पुष्पवर्षा के बीच निकली इस शोभायात्रा में आस्था और उत्साह का संगम देखने को मिला। मंदिर के महंत योगी दीदारनाथ महाराज व उनके शिष्य योगी बुद्धनाथ सहित नाथ-सम्प्रदाय के संतगण योगी निर्वताई नाथ, योगी रविनाथ, योगी संगमनाथ, योगी बल्देवनाथ, योगी महाकालनाथ, योगी अलखनाथ ने भगवान श्रीराम व हनुमानजी के बाल स्वरूप की झांकी की आरती उतार कर व हिन्दु धर्म के प्रतीक भगवा झण्डे को दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया।
शोभायात्रा राजामण्डी चौराहे से एमजी रोड, नालबन्द तिराहा, पंचकुईयाँ, अशोक नगर, गोकुलपुरा पुलिस चौकी, बल्का बस्ती व राजामण्डी बाजार होते हुए पुनः श्री दरियानाथ मन्दिर पहुँची, जहाँ आरती व प्रसाद वितरण के पश्चात यात्रा का समापन किया गया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments