भाजपा राजेश्वर मंडल मंत्री की कार में तोड़फोड़, साथी को मारपीट कर घायल किया
आगरा, 07 मार्च। फतेहाबाद कस्बे में शनिवार की रात भारतीय जनता पार्टी के राजेश्वर मंडल के मंत्री वीरेश राठौर की कार में तोड़फोड़ की गई और उनके एक साथी रामबाबू को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल साथी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
यह वारदात रात्रि करीब आठ बजे हुई। खबरों के मुताबिक, भाजपा महानगर मंत्री वीरेश राठौर अपने दो साथियों मनीष और रामबाबू के साथ कार द्वारा बाह की ओर से आगरा को लौट रहे थे। फतेहाबाद के बाह तिराहे बाईपास रोड पर वे पानी की बोतल लेने के लिए एक परचून दुकान के सामने रुके थे।
तभी वहां एक महिला के साथ आए कुछ लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अन्य लोगों को भी बुला लिया। इसके बाद आठ-दस हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ की और रामबाबू को कार से उतारकर उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि हमलावर रामबाबू का मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ले गए।
इंस्पेक्टर तरुण धीमान ने मीडिया को बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मारपीट के मामले की जांच कर रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments