दर्दनाक: कटर मशीन ने तिरपाल और उसपर लेटे मासूम को खींच लिया, चली गई जान
आगरा, 27 मार्च। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ग्राम मजरा नगला मानसिंह में एक मासूम बच्चे की कटर मशीन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार की देर शाम नगला मानसिंह में निवासी आकाश अपने परिजनों के साथ सरसों कुटवाने के लिए कटर मशीन पर गए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने दो वर्षीय पुत्र मानव को कटर के पास बिछी तरपाल पर लिटा दिया।
कुछ देर बाद अचानक अज्ञात कारणों से कटर मशीन का क्रॉस (घूमता हिस्सा) चलने लगा और तिरपाल बच्चे सहित उसमें लिपट गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मासूम मानव मशीन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
परिवार के लोगों ने तत्काल मशीन बंद कराई और खून से लथपथ हालत में बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की चीख तक किसी को सुनाई नहीं दी और जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मानव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत ने परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments