गुरुद्वारा गुरु के ताल के निकट सुबह यात्रियों से भरी निजी बस पलटी, एक दर्जन घायल

आगरा, 12 मार्च। थाना सिकंदरा क्षेत्र में गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास आज गुरुवार की सुबह एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दर्जन भर यात्री घायल हो गए। क्षेत्रीय लोगों और पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
खबरों के अनुसार, निजी बस तेज गति से सिकंदरा की ओर जा रही थी। गुरुद्वारा के निकट मोड़ पर चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। 
कई लोग सीटों से गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। शुरुआती खबरों के अनुसार किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। कुछ यात्रियों को अधिक चोटें आई हैं। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का बस पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। 
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments