चैंबर चुनाव: दो प्रत्याशियों को लेकर पूर्व अध्यक्ष वार्ष्णेय ने उठाए सवाल, कोर कमेटी अध्यक्ष योगेन्द्र बोले- बैठक बुलाएंगे

आगरा, 11 मार्च। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी के पूर्व अध्यक्ष और संविधान संशोधन समिति के सह अध्यक्ष रहे प्रदीप कुमार वार्ष्णेय ने विवादित मुद्दों पर चैंबर कोर कमेटी से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। 
वार्ष्णेय ने चैंबर अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी मनोज गुप्ता के विभिन्न संगठनों में पदासीन होने को लेकर सवाल उठाया है। साथ ही उन्होंने कार्यकारिणी का चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी संजीव अग्रवाल के न्यायालय से दोषसिद्ध होने का मामला उठाते हुए दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व अध्यक्ष वार्ष्णेय का कहना है कि चैंबर शहर के उद्यमियों की एक प्रतिष्ठित संस्था है और उसका एक संविधान है, जिसका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इस मामले में नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
गौरतलब है कि वार्ष्णेय इससे पहले चुनाव समिति द्वारा प्रत्याशियों से "स्व घोषणापत्र" लिए जाने पर भी आपत्ति कर चुके हैं। उनका कहना है कि जब संविधान में इसकी कोई व्यवस्था नहीं है तो फिर "स्व घोषणापत्र" क्यों लिया गया। एक बार फिर उन्होंने पत्र भेज कर मनोज गुप्ता और संजीव अग्रवाल का मामला उठा दिया है। 
इस बारे में चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल का कहना है कि उन्होंने प्रदीप वार्ष्णेय के पत्रों को कोर कमेटी को भेज दिया है। कोर कमेटी के चेयरमैन योगेन्द्र सिंघल ने इस बारे में कहा कि वार्ष्णेय चैंबर के वरिष्ठ सदस्य हैं, उन्होंने कुछ मुद्दों को उठाया है तो उसके लिए कोर कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। वर्तमान में वार्षिक चुनावों के लिए मतदान का समय निकट आ गया है, इसलिए यह बैठक चुनावों के बाद बुलाई जा सकती है। 
दूसरी ओर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज गुप्ता ने कहा कि जिस प्रचार सामग्री में उनके दूसरे संगठनों से जुड़े होने का उल्लेख है, वह नामांकन पत्र जमा करने से पहले की है। वे सभी अन्य पदों को छोड़ चुके हैं। चैंबर के संविधान के अनुसार अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को किसी अन्य संगठन में पद पर नहीं होना चाहिए और वे इसका पालन कर रहे हैं। इस आशय का पत्र भी उन्होंने चैम्बर को भेज दिया है।
संजीव अग्रवाल के बारे में भी कहा जा रहा है कि वे निचली अदालत के निर्णय को उच्च न्यायालय में चुनौती दे चुके हैं।
देखना होगा कि दोनों ही मामलों में कोर कमेटी क्या निर्णय लेती है। 
_________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments