Agra News: खबरें आगरा की....

आगरा से उज्जैन के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग, नवीन जैन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
आगरा, 10 मार्च। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने आगरा से मध्यप्रदेश के उज्जैन और इंदौर के लिए नई वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखकर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया कि शहर में बड़ी संख्या में शिवभक्त निवास करते हैं और शहर के चारों दिशाओं में भगवान शिव के अनेक प्राचीन मंदिर स्थित हैं। मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में विराजमान बाबा महाकाल के दर्शन के प्रति यहाँ के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। 
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि आगरा, इंदौर और उज्जैन के बीच व्यापारिक तथा सामाजिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या भी निरंतर बढ़ती जा रही है। वर्तमान में इस मार्ग पर तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों तथा श्रद्धालुओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
नवीन जैन ने रेल मंत्री से अनुरोध किया कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगरा से इंदौर/उज्जैन मार्ग पर प्रातः आगरा से इंदौर तथा सायंकाल इंदौर से आगरा के लिए वंदे भारत ट्रेन संचालित कराने की व्यवस्था की जाए। 
_________________________________________
फतेहपुरसीकरी में विदेशी महिला पर्यटक गिरकर घायल 
आगरा, 10 मार्च। फतेहपुर सीकरी भ्रमण करने आए विदेशी पर्यटकों के एक दल के साथ मंगलवार को हादसा हो गया। इंग्लैंड से आए पर्यटकों के समूह के साथ आई 65 वर्षीय महिला पर्यटक शेली लुईस का बीरबल पैलेस के समीप अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर गिर पड़ीं, जिससे उन्हें हल्की चोट लग गई।
स्मारक परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। एसआईएस सिक्योरिटी के कमांडर मुकेश यादव ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल फतेहपुर सीकरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला पर्यटक को उनके टूर ग्रुप और गाइड के साथ आगे के भ्रमण के लिए रवाना कर दिया गया।
_________________________________________
राणा सांगा विवाद: सांसद सुमन मामले में 25 मार्च को आएगा फैसला
आगरा, 10 मार्च। इतिहास पुरुष राणा सांगा पर दिए गए बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन से जुड़े मामले में अदालत में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई। खबरों के मुताबिक, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय-19/एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन सिविल रिवीजन संख्या-119/2025, अजय प्रताप सिंह आदि बनाम अखिलेश यादव आदि प्रकरण में न्यायालय ने अब निर्णय के लिए 25 मार्च की तिथि नियत की है।
मामले की सुनवाई के दौरान विपक्षी संख्या-1 अखिलेश यादव की ओर से अधिवक्ता खुर्शीद अली ने अपनी बहस पूरी की। 
वहीं विपक्षी संख्या-2 सांसद रामजीलाल सुमन की ओर से अधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद और मोहम्मद शब्बीर ने न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखा।
अधिवक्ताओं ने न्यायालय को बताया कि सांसद रामजीलाल सुमन को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 105 के अंतर्गत विशेषाधिकार और संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण उनके खिलाफ इस प्रकार का मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। साथ ही यह भी तर्क दिया गया कि वादी द्वारा मांगे गए अनुतोष के संदर्भ में केंद्र सरकार का संस्कृति मंत्रालय एक आवश्यक पक्षकार है। इस पर वादी पक्ष के अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने न्यायालय को अवगत कराया कि संस्कृति मंत्रालय को विपक्षी बनाए जाने के लिए धारा 80(2) सीपीसी के अंतर्गत प्रार्थना पत्र लंबित है और मूल वाद व्यक्तिगत क्षमता में दायर किया गया था।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने मामले में निर्णय सुरक्षित रखते हुए 25 मार्च को फैसला सुनाने की तिथि तय कर दी।
_________________________________________
ऑटो पार्ट्स के गोदाम में भीषण आग, लाखों का माल राख
आगरा, 10 मार्च। थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांधी चौक स्थित एक ऑटो पार्ट्स के गोदाम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। 
खबरों के अनुसार गोदाम के अंदर अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। 
_________________________________________
आलू की बेकदरी से परेशान किसानों ने उद्यान मंत्री को सौंपा ज्ञापन
आगरा, 10 मार्च। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह के मंगलवार को यहां आगमन पर आलू उत्पादक किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर आलू का बाजार मूल्य बढ़ाने और कोल्ड स्टोर भंडारण की दरें कम करने की मांग उठाई।
किसानों का कहना है कि वर्तमान हालात में आलू की खेती घाटे का सौदा बन चुकी है और अगर सरकार ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया तो किसान आलू उत्पादन छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे।
आलू उत्पादक किसान सेवा समिति के प्रदेश महासचिव लक्ष्मीनारायण बघेल के नेतृत्व में किसान नेताओं ने मंत्री को ज्ञापन दिया। किसानों ने कहा कि इस समय केवल आगरा जनपद ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में आलू की स्थिति बेहद खराब है। सब्जी का राजा कहलाने वाला आलू आज बाजार में बेकदरी का शिकार हो रहा है और किसान अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहा। किसान नेताओं ने बताया कि एक किलोग्राम आलू के उत्पादन में लगभग 12 रुपये की लागत आ रही है, जबकि किसान अपनी फसल का उत्तम कोटि का आलू 6 से 7 रुपये प्रति किलोग्राम बेचने को मजबूर है। ऐसे में किसानों की मेहनत और पूंजी दोनों डूब रही हैं। किसान आर्थिक संकट के कगार पर पहुंच गया है। ज्ञापन में मांग की गई कि सरकार आलू उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए सब्सिडी की राशि सीधे किसानों के खातों में भेजे। इससे किसानों को तत्काल राहत मिल सकेगी और वे अगली फसल की तैयारी कर पाएंगे।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कोल्ड स्टोर भंडारण की दरें शीतगृह स्वामी स्वयं तय कर रहे हैं, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से किसान नेता मोहन सिंह चाहर, वीरेंद्र सिंह परिहार और कल्लू यादव सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments