Agra News : खबरें आगरा की....
महिलाओं को जबरन रंग लगाने पर चल गए लाठी-डंडे
आगरा, 05 मार्च थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव सांधन में होली के दिन उस समय बवाल हो गया, जब नशे में धुत कुछ युवक गांव की महिलाओं को जबरदस्ती गुलाल लगाने का प्रयास करने लगे। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया।
खबरों के अनुसार, करीब आठ युवक बहू-बेटियों के साथ जबरदस्ती रंग लगाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान इंद्र कुमार ने इसका विरोध किया। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में इंद्र कुमार समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
उधर थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव सेरब में रामचरन की चाऊमीन की वाल्मीकि समाज के बल्लो कुमार द्वारा दुकान पर हाथ रखने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने युवक और उसके परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
__________________________________________
विजय शिवहरे के निवास पर जमकर मनी होली
आगरा, 05 मार्च। रंगों और उल्लास के पर्व होली के अवसर पर विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश मंत्री भाजपा विजय शिवहरे द्वारा नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित निवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
सभी ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर विजय शिवहरे ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार ही नहीं, बल्कि यह समाज में आपसी विश्वास, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ होली के रंगों का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को पर्व की बधाई देते हुए प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
__________________________________________
कंगना रनौत के मामले में शुक्रवार को होगी बहस
आगरा, 05 मार्च। हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के विरुद्ध किसानों के अपमान एवं राष्ट्रद्रोह के मामले में छह मार्च को स्पेशल कोर्ट एमपी एमएलए अनुज कुमार सिंह की कोर्ट में दोनों पक्षों की बहस सुनी जाएगी।
कोर्ट द्वारा थाना न्यू आगरा से धारा 225 बन के तहत दोनों पक्षों की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के आदेश किए थे। लेकिन पुलिस ने वादी वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा एवं उनके गवाह राजेंद्र गुप्ता धीरज एवं अजय सागर के लिखित बयान लेने तथा कंगना रनौत की सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता द्वारा दिए गए बयान के बाद 29 जनवरी 2026 को पुलिस ने कोर्ट में आख्या प्रस्तुत की थी। जिस पर वादी अधिवक्ता की ओर से पर पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता सुखबीर सिंह चौहान एवं राजवीर सिंह तथा अन्य अधिवक्ताओं ने विरोध व्यक्त किया तथा पुलिस आख्या को गलत एवं अधूरी आख्या बताया। तब कोर्ट ने 13 फरवरी की तिथि नियत कर दी लेकिन 13 फरवरी को भी वही आख्या प्रस्तुत की गई। लंबी बहस के बाद कोर्ट ने दलील सुनने के बाद छह मार्च की तिथि नियत कर दी।
_________________________________________
दयालबाग में मनाया गया होली उत्सव
आगरा, 05 मार्च। फाल्गुन मास के पावन अवसर पर होली का पर्व राधास्वामी मत के अनुयायियों द्वारा दयालबाग में अत्यंत श्रद्धा, आनंद, उल्लास और भक्ति के साथ मनाया गया।
होली के पावन दिवस पर प्रातःकाल सभी सतसंगी भाई-बहनें एवं बच्चे बड़े उत्साह और उमंग के साथ आरती पाठ, सतसंग तथा खेतों की सेवा के लिए पूर्व नियोजित डेयरी परिसर में कृषि कार्य हेतु एकत्रित हुए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समूहों द्वारा होली विशेष पाठ प्रस्तुत किए गए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments