Agra News: खबरें आगरा की...

टैंकर पलटा, लोग बर्तन में भर ले गए सरसों का तेल
आगरा, 28 मार्च। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत फतेहाबाद-शमशाबाद मार्ग पर ग्राम घाघपुरा के पास सरसों के तेल से भरा टैंकर पलट जाने से हजारों लीटर तेल फैल गया। तेल फैलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और बड़ी संख्या में आसपास के लोग बर्तन लेकर तेल को भरने में जुट गए। अनेक ग्रामीण अपने बर्तनों में भरकर तेल ले गए। सूचना मिलने और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और भीड़ को वहां से हटाया। बताया जा रहा है कि यह टैंकर बीकानेर से कोलकाता जा रहा था और शुक्रवार रात को अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। शनिवार दोपहर करीब दो बजे जब दो जेसीबी मशीनों की मदद से टैंकर को सीधा करने का प्रयास किया गया, उसी दौरान उसमें से तेल रिसने लगा। देखते ही देखते तेल सड़क किनारे बने गड्ढों में भर गया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बर्तन, बाल्टी व डिब्बों में तेल भरकर ले जाने लगे। पुलिस ने लोगों को समझाकर भीड़ को नियंत्रित किया। बाद में टैंकर मालिक और चालक मौके पर पहुंचे और टैंकर को वहां से हटवा लिया गया। 
_________________________________________
स्वयंसेवकों ने मनाया प्रभु श्रीराम का प्राकट्य दिवस
आगरा, 28 मार्च। कर्मयोगी नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा भगवान श्रीराम के प्राकट्य दिवस रामनवमी को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वेंभवेश्वर महादेव मंदिर परिसर में माता दुर्गा आदिशक्ति की प्रतिमा स्थापना भी की गई।
कार्यक्रम में भुवनेश्वर शर्मा, देवेंद्र (पूर्व विभाग प्रचारक), विपिन, महानगर विद्यार्थी परिषद के राजेश, अमृत मखीजा, अमित शर्मा, संजू शर्मा, नीरज त्यागी, कपिल महाजन, राहुल शर्मा, लोकेश उपस्थित रहे। इस दौरान नारी शक्ति की भी विशेष भागीदारी रही।
_________________________________________
माथुर वैश्य महिला मंडल ने की बैठक
आगरा, 28 मार्च। माथुर वैश्य शहर शाखा सभा महिला मंडल की बैठक का आयोजन अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के निवास पर हुआ। बैठक में माता की चौकी का आयोजन शहर शाखा सभा के सहयोग से करने का निर्णय लिया गया। महिला मंडल ने पूर्ण उत्साह से माता की भेंट गाई। भारती गुप्ता, सीमा गुप्ता, स्वीटी गुप्ता, रीना गुप्ता, सरिता गुप्ता, सीमा गुप्ता, सीमा गुप्ता, अलका गुप्ता, रेखा गुप्ता, अनुराधा गुप्ता , प्रीति गुप्ता, संध्या का सहयोग रहा।
________________________________________
ऋषिकेश के संत देवानंद का स्वागत
आगरा, 28 मार्च। वजीरपुरा में स्तिथ प्राचीन सीताराम मंदिर में ऋषिकेश के संत देवानंद का मंदिर महंत पंडित अनंत उपाध्याय ने पितांबरा मैया की चुनरी पहनाकर, फूल माला पहनाकार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में डॉ संजीव नेहरू, पंडित मुकेश शर्मा और फिल्म लेखक निर्देशक सूरज तिवारी भी शामिल रहे।
_________________________________________
आईएमए ने बच्चों को गुड टच, बेड टच की जानकारी दी
आगरा, 28 मार्च। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला शाखा द्वारा शनिवार को बीमा नगर प्राथमिक विद्यालय, बाग फरजाना में “यौन शोषण” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस संबंध में जानकारी आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच, सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा तथा स्कूल हेल्थ प्रोग्राम के समन्वयक डॉ. अरुण जैन एवं डॉ. मीता कुलश्रेष्ठ द्वारा दी गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका कपूर एवं डॉ. दीपशिखा गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक कक्षाओं के सभी छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। बच्चों को यौन शिक्षा से संबंधित एक लघु फिल्म “कोमल” प्रदर्शित की गई, जिसके माध्यम से उन्हें अच्छे और बुरे स्पर्श सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में सरल एवं प्रभावी ढंग से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों की समझ को परखने के लिए एक प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
_________________________________________
विश्व शांति के लिए यमुना तट पर गूंजी आस्था की आवाज
आगरा, 28 मार्च। यमुना आरती स्थल पर शनिवार शाम रिवर कनेक्ट कैंपेन के सालाना जलसे के अवसर पर विश्व शांति के लिए विशेष हवन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ यमुना की विधिवत पूजा-अर्चना और भव्य आरती से हुई, जिसमें उपस्थित सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं ने युद्ध समाप्ति, वैश्विक शांति और प्रकृति के संतुलन की कामना की। रिवर कनेक्ट कैंपेन के बृज खंडेलवाल ने सभी से माँ यमुना के संरक्षण और विश्व शांति के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशाल झा, दिनेश शर्मा, पद्मिनी अय्यर, ज्योति, सतीश गुप्ता, डॉ मुकुल पांड्या, डॉ अचल पंड्या, डॉ देवाशीष भट्टाचार्य,  चतुर्भुज तिवारी, सतीश गुप्ता, शशिकांत उपाध्याय, राकेश गुप्ता, जगन प्रसाद तेहरिया और मुकेश चौधरी उपस्थित रहे।
_________________________________________
धांधूपुरा के कबाड़ के गोदाम में लगी आग 
आगरा, 28 मार्च। थाना एकता क्षेत्र के धांधूपुरा इलाके में शनिवार को एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गोदाम में रखा भारी मात्रा में कबाड़, प्लास्टिक, टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री आग लगते ही तेजी से भड़की। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को भी मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments