तीन शहरों के स्टडी टूर पर रवाना हुए 76 पार्षद, बड़ा सवाल- क्या 55 लाख खर्च करने का मिलेगा कोई लाभ?

आगरा, 28 मार्च। नगर निगम के 76 पार्षद शनिवार को सात दिवसीय स्टडी टूर पर रवाना हो गए। वे पहले बेंगलुरु, फिर ऊटी और मैसूर जाएंगे। इस यात्रा पर नगर निगम लगभग 55 लाख रुपये खर्च करेगा। सभी पार्षद तीन अप्रैल को वापस लौटेंगे।
स्टूडी टूर के दौरान पार्षद वहां के नगर निकायों द्वारा अपनाए जा रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, स्मार्ट ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और आईटी आधारित नागरिक सुविधाओं का अध्ययन करेंगे। वे इन शहरों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में होने वाले कार्यों को देखेंगे। इसके बाद अपने वार्ड में इसके क्रियान्वयन की योजना तैयार करेंगे। 
सभी पार्षद सुबह दस बजे नगर निगम कार्यालय पर एकत्रित हुए और यहां से तीन बसों में दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। दिल्ली से सभी पार्षद पहले बेंगलुरु फिर ऊटी और मैसूर जाएंगे। 
हालांकि इस स्टडी टूर का नगर निगम को कितना लाभ मिलेगा, यह भविष्य के गर्भ में है। पिछले दो स्टडी टूर की किसी पार्षद ने कोई रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की। पार्षदों को स्टडी टूर पर ले जाने का उद्देश्य संबंधित शहर के नगर निगम या फिर स्थानीय निकाय में हो रहे अच्छे कार्य की जानकारी करना है। इन कार्यों को आगरा में कितना लागू किया जा सकता है। इस पर बिंदुवार रिपोर्ट तैयार करनी होती है। बैठक में अपने अनुभवों को साझा करना पड़ता है। इससे योजना बनाने में मदद मिलती है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments