टाटा मोटर्स आगरा की दीप्ति शर्मा को भेंट करेगी टाटा सिएरा कार, 19 को अशोक ऑटो सेल्स पर आयोजित होगा समारोह

आगरा, 12 मार्च। महिला विश्व क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता रही भारतीय टीम की ऑलराउंडर और वूमेन ऑफ द टूर्नामेंट दीप्ति शर्मा को टाटा मोटर्स द्वारा "टाटा सिएरा" कार भेंट की जाएगी। यह कार्यक्रम टाटा मोटर्स की अधिकृत विक्रेता कंपनी अशोक ऑटो सेल्स के संजय प्लेस स्थित परिसर में 19 मार्च को दोपहर तीन बजे से आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी अशोक ऑटो सेल्स की प्रबंध निदेशक डॉ रंजना बंसल ने गुरुवार को संजय प्लेस स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि टाटा मोटर्स हमेशा से ही खेलों को बढ़ावा देने में अग्रणी रही है। कंपनी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व कप जीतने पर सभी सोलह खिलाड़ियों को एक-एक टाटा सिएरा कार भेंट देने का ऐलान किया था। टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ताजनगरी की निवासी हैं, इसलिए उन्हें शहर में ही समारोह आयोजित कर यह कार भेंट की जाएगी।
डॉ रंजना बंसल ने कहा कि उनकी कंपनी अशोक ऑटो सेल्स भी महिला क्रिकेटरों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू करेगी। खेलों के साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों में भी महिलाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन और उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने टाटा मोटर्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवा खिलाड़ियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
सुनील जोशन ने बताया कि जिला क्रिकेट एसोसिएशन भी अपने स्तर पर स्थानीय बालकों और बालिकाओं को प्रोत्साहन देने के लिए कई कदम उठा रही है।
इस अवसर पर मौजूद दीप्ति शर्मा के भाई सुमित शर्मा ने टाटा मोटर्स कंपनी का आभार जताया। कार्यक्रम में टाटा सिएरा कार की खूबियों को भी वृत्त चित्र के माध्यम से बताया गया। इस अवसर पर सर्वेश भटनागर, अनीश राजपूत, सीपी शाक्य भी उपस्थित रहे।
__________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments