सनसनीखेज: नौसेना में तैनात आगरा का युवक आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार
आगरा, 10 मार्च। आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) जिले के एक युवक को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कागारौल थाना क्षेत्र के चीतपुर गांव निवासी युवक आदर्श कुमार उर्फ लक्की (24 वर्ष) नौसेना में लांस नायक के पद पर केरल में तैनात है। उस पर संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को देने का आरोप है।
खबरों के अनुसार, एटीएस को लम्बे समय से सूचना मिल रही थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को देश से जुड़ी अहम जानकारियां भेजी जा रही हैं। एटीएस की सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की तो सामने आया कि आदर्श कुमार उर्फ लक्की पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने पाकिस्तान स्थित आईएसआई एजेंटों को अपने बैंक खाते से पैसे भी भेजे थे और रणनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील सूचनाएं साझा की थीं। जांच में इन तथ्यों की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एटीएस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले को देश की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए एजेंसियां अब यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इस जासूसी नेटवर्क में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments