18 मार्च को निकलेगी भगवान झूलेलाल शोभायात्रा, कई झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
आगरा, 16 मार्च। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल की जयंती (चेटीचंड पर्व) 18 मार्च को शहर में श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दरेसी नंबर दो स्थित एक होटल में सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंधी सेंट्रल पंचायत के पदाधिकारियों के साथ आगरा की विभिन्न मोहल्ला पंचायतों के प्रमुख लोग मौजूद रहे।
अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी ने बताया कि बैठक में शोभायात्रा और अन्य कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। शोभायात्रा के मार्ग में बाजार समितियों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। महामंत्री हेमंत भोजवानी ने बताया कि शोभायात्रा का उद्घाटन सायंकाल हरियाली वाटिका से होगा, जिसके लिए अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
संयोजक नंद लाल आयलानी ने बताया कि शोभायात्रा दोपहर तीन बजे घटिया आजम खां स्थित प्रेस क्लब से प्रारंभ होकर गुड़ की मंडी, सिंधी बाजार, फौवारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, चिम्मन चौराहा, दरेसी एक, दो और तीन से होकर हाथीघाट पर समाप्त होगी। यहां ज्योति विसर्जन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शोभायात्रा में माता हिंगलाज, सांई टेहूराम और स्वामी लीलाशाह महाराज की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। भगवान झूलेलाल की झांकी घोड़े पर सवार रूप में निकाली जाएगी। इसके अलावा राम दरबार, शिव परिवार, गणेशजी, खाटू श्यामजी, जगन्नाथ जी, महाकाल और भारत माता की आकर्षक झांकियां भी शामिल होंगी।
बैठक के दौरान घनश्याम दास देवनानी, परमानंद अतवानी, जयराम दास होतचंदानी, एस.के. वीरानी, श्याम भोजवानी, मेघराज दियालानी, जगदीश डोडानी, दौलत खूबनानी, जेठानंद पुरसनानी, भोजराज लालवानी, अशोक पारवानी, राज कोठारी, जय प्रकाश धर्मानी, नरेश देवनानी, नीरज सोनी, प्रदीप बनवारी, पुरुषोत्तम लछवानी, भजन लाल, लालचंद मोटवानी, नानकराम मानवानी, महेश सोनी, योगेश शतवानी, हरीश मोटवानी, कमल जुमानी, सुंदर चेतवानी, अशोक कोडवानी, दौलतराम मोड़वानी, तरुण जुमानी, हरीश तहल्यानी, शंकर आस्वानी, नरेश लख्वानी, टीकम लालवानी, मुकेश साहनी, दीपक आत्वानी मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments