दिल्ली के डॉक्टर ने किया आगरा की युवती का उत्पीड़न!
आगरा, 23 फरवरी। एक वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से संपर्क होने के बाद दिल्ली के एक डॉक्टर ने शहर की युवती का मानसिक रूप से उत्पीड़न किया, अश्लील चैट वायरल करने और जान से मरवाने की धमकी दी। ये गम्भीर आरोप पीड़ित युवती ने थाना ट्रांस यमुना में दर्ज कराए मुकदमे में लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
खबरों के मुताबिक, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शुरुआती बातचीत के बाद आरोपी डॉ. संत गौरव ने खुद को प्रतिष्ठित परिवार से जुड़ा और प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए भरोसा जीतने की कोशिश की। आरोपी ने युवती पर आगरा के एक होटल में तीन दिन साथ रुकने का दबाव बनाया। पीड़िता ने इस मांग का विरोध किया तो आरोपी ने उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला।
युवती ने आरोप लगाया कि मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से अश्लील चैट और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही खुद को राजनीतिक और पुलिस पहुंच वाला बताकर डराने की कोशिश की। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने यह भी कहा कि यदि उसने कहीं और शादी की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस कथित धमकी से युवती और उसका परिवार दहशत में आ गया।
थाना ट्रांस यमुना पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments