युवक के आतंक से परेशान बल्केश्वर के भगवाननगर वासियों ने लगाए "मकान बिकाऊ है" के पोस्टर
आगरा, 03 फरवरी। थाना कमलानगर के अंतर्गत बल्केश्वर के मोहल्ला भगवान नगर में एक समुदाय विशेष के युवक के आए दिन के आतंक और मारपीट से परेशान होकर चालीस से अधिक घरों में लोगों ने मकान बेचने के पोस्टर चस्पा कर दिए। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आरोपी आए दिन झगड़ा करता है। विरोध करने पर घर की महिलाओं को आगे करके झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है।
सोमवार को भी युवक ने कार खड़ी करने को लेकर विवाद किया और शादी वाले घर में घुसकर गृहस्वामी के साथ मारपीट की।
मंगलवार को फिर पक्ष झगड़े पर उतारू हो गया। महिलाओं से मारपीट, अभद्रता और चेन खींचने का प्रयास किया। कहा जा रहा है कि मारपीट में एक महिला के चोट लगने के बाद टांके भी आए हैं। पीड़ितों का कहना है कि थाने में शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मोहल्ले में स्थित चालीस से अधिक घरों में लोगों ने मकान बेचने के पोस्टर चस्पा कर दिए।
घटना की जानकारी होने पर एसीपी छत्ता ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत की। आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे मकान बेचकर इलाका छोड़ने को मजबूर होंगे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments