लापता किशोरी का तीसरे दिन शव मिला, दफनाने के बाद पुनः पोस्टमार्टम की मांग को लेकर परिजनों का हंगामा
आगरा, 14 फरवरी। एत्मादपुर स्थित एक गांव से चचेरी बहन के विवाह की तैयारियों के बीच लापता हुई किशोरी का तीन दिन बाद गुरुवार की रात यमुना नदी से शव बरामद हुआ। परिवारीजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने और हत्या करके शव को यमुना में फेंकने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को दफना दिया गया था। मगर, शनिवार सुबह परिजन और ग्रामीण शव को बाहर निकालने के लिए अड़ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
मृतका के भाई का कहना है कि उसकी बहन का मोबाइल फोन घर के पास खेत में मिला, जबकि उसकी शाल, चप्पल और घर की चाबी एक्सप्रेसवे की रेलिंग के पास मिली। इससे लगता है यह हादसा नहीं है। पुलिस अचानक किशोरी के लापता होने व मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की बात पुलिस की ओर से कही गई है।
खबरों के अनुसार, नथौली गांव में रहने वाले जालिम सिंह और अन्य परिजन 10 फरवरी को शादी समारोह में गए हुए थे। जालिम सिंह का कहना है कि उसी रात 10-11 बजे के बीच में किशोरी अपनी भाभी के साथ खेत में टॉयलेट जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह कक्षा नौ की छात्रा थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोरी का पता नहीं चला तो पिता ने 11 फरवरी को एत्मादपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छात्रा घर से बड़ी बहन का मोबाइल फोन लेकर निकली थी। परिवारीजन लगातार कॉल कर रहे थे। घटना वाली रात गांव के ही एक व्यक्ति को फोन खेत में पड़ा मिला।
ग्रामीण ने कॉल रिसीव करके फोन खेत में पड़े होने की जानकारी दी। दूसरे दिन सुबह छात्रा की चप्पलें रास्ते में पड़ी मिलीं, जबकि शाल इनर रिंग रोल की रेलिंग पर टंगी हुई थी। पास में ही घर की चाबी पड़ी थी। गुरुवार रात 12 बजे तनौरा घाट के पास से डौकी पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर किशोरी का शव बरामद किया, जिसकी शिनाख्त लापता किशोरी के रूप में हुई।
शव किशोरी के गांव से करीब 11 किलोमीटर दूर मिला। पुलिस बहकर शव आने की बात कह रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शुक्रवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को दफना दिया गया था। पिता और भाई ने अपहरण करके दुष्कर्म करने व हत्या के बाद शव को यमुना में फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस इसे हादसा मान रही है।
शनिवार सुबह छात्रा के परिजन और ग्रामीण एकत्रित हो गए। वे शव को बाहर निकालने और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की बात कहने लगे। मृतका के भाई महेंद्र सिंह का कहना था कि पुलिस मामले को हल्के में लेकर सही जांच नहीं कर रही है और जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है उसे पर भी उन्हें विश्वास नहीं है इसलिए वह शव का दोबारा पोस्टमार्टम करना चाहते हैं। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया।
एसीपी सैंया सुकन्या शर्मा ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण पानी में डूबने से आया है। शरीर पर भी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हर पहलू पर जांच की जा रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments