Agra News: खबरें आगरा की......

सांसद चाहर ने लोकसभा में उठाई आगरा-चंदौसी-तांतपुर कोर्ट राजमार्ग घोषित करने की मांग
आगरा, 02 फरवरी। फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने सोमवार को लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत चंदौसी–आगरा–तांतपुर कोर्ट मार्ग को राजमार्ग घोषित किये जाने की मांग की।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि चंदौसी–आगरा–तांतपुर कोर्ट मार्ग, जिसे आमतौर पर सी.ए.टी. मार्ग कहा जाता है, आगरा जनपद के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और जीवनरेखा समान संपर्क मार्ग है। चंदौसी से आगरा तक का हिस्सा पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जा चुका है और उसका निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है, लेकिन आगरा से तांतपुर कोर्ट तक का शेष भाग अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित नहीं किया गया, जिससे यह मार्ग अधूरा रह गया है। इस हिस्से पर भारी यातायात दबाव, आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे हजारों लोगों को रोज़ाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सांसद चाहर ने कहा कि आगरा–चंदौसी–तांतपुर कोर्ट मार्ग एक ही निरंतर मार्ग है, इसे अलग-अलग मानकर अधूरा नहीं छोड़ा जाना चाहिए। जो हिस्सा अब तक छूटा हुआ है, उसे भी पूरा कर पूरे मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस मार्ग से राजस्थान, मध्यप्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों के वाहनों का निरंतर आवागमन होता है, जिससे यह मार्ग आगरा जनपद की लाइफ लाइन बन चुका है।
_________________________________________
मनोरंजक प्रतियोगिताओं के साथ मना बसंत महोत्सव 
आगरा, 02 फरवरी। प्रीसेज स्कूल एवं एजुकेशन बॉक्स के संयुक्त तत्वावधान में कमलानगर में ‘बसंत महोत्सव’ विविध कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। 
महोत्सव में फैंसी ड्रेस, कलरिंग, ड्रेस एंड टेल, डांस, शो योर टैलेंट, हैंड राइटिंग प्रतियोगिता हुईं। अंतर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी हैरी पाराशर एवं अंडर-13 यूपी चैंपियन शुभी पाराशर द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। 
कार्यक्रम में विवेक किशोर गर्ग, पायल गर्ग, राजेंद्र पाराशर, लव अग्रवाल, मनोज पाराशर, मुकेश पाराशर,  मैरिज शर्मा, मेघा शर्मा, साक्षी अरोरा, गीता पाठक, शिल्पी अग्रवाल, अमित तिवारी, राखी कुशवाहा, श्रुति जैन, दीपिका गुप्ता, क्षमा शर्मा, चिंकी शर्मा, नीलम बघेल शामिल रहे।
_________________________________________
कुमार ललित ने गोवा के महाविद्यालय में सृजनात्मक लेखन पर दिया व्याख्यान
आगरा, 02 फरवरी। गोवा के साँखली स्थित कला, विज्ञान एवं वाणिज्य शासकीय महाविद्यालय में स्नातक एवं परास्नातक हिंदी विभाग तथा हिंदी अनुसंधान केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा निराला पुरस्कार से सम्मानित आगरा के कवि कुमार ललित ने विशिष्ट वक्ता के रूप में भाग लिया। 
महाविद्यालय के युवा छात्र-छात्राओं और हिंदी विभाग के शिक्षकों को संबोधित करते हुए कुमार ललित ने कहा कि 'सृजनात्मक लेखन: कल्पना से अभिव्यक्ति तक' केवल कुछ शब्दों या वाक्यों का एक विशेष प्रारूप में जोड़-घटाव या संयोजन मात्र नहीं है, अपितु इसमें घनीभूत संवेदना और आत्मा के प्रकाश की झलक भी बेहद आवश्यक है। यह एक ओर बिंदु से सिंधु की यात्रा है, वहीं दूसरी ओर यह सिंधु को एक बिंदु में समेटने की कला भी है।
'लेखक से संवाद' सत्र के अंतर्गत कुमार ललित ने महाविद्यालयी छात्र-छात्राओं द्वारा सृजनात्मक लेखन के विविध पक्षों पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया। इस व्याख्यान से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिनिधियों सहित कुल 108 प्रतिभागी लाभान्वित हुए। इससे पूर्व स्वागत भाषण हिंदी विभागाध्यक्ष एवं हिंदी अनुसंधान केंद्र की समन्वयक प्रो. (डॉ.) सोनिया सिरसाट ने दिया। प्रभारी स्नातक, हिंदी विभाग प्रो. सुविद्य धारवाडकर ने धन्यवाद दिया। परास्नातक हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रंजिता परब ने संचालन किया। 
_________________________________________
भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के लिए हिंदू संस्कृति का करें संरक्षण
आगरा, 02 फरवरी। अपने बच्चों को संतों, शास्त्रों और संघ का संग दीजिए। इन्हें दुर्गुणों से बचाइए। बर्थडे और एनिवर्सरी पर पाँच घरों में रामायण दीजिए। एक दोहा रोज हनुमान जी को सुनाइए। भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के लिए हिंदू संस्कृति के संरक्षण का प्रयास कीजिए। ये उद्गार संत अतुल कृष्ण भारद्वाज ने सोमवार को गंगे गौरी पार्क, बल्केश्वर में बाबा बल्केश्वर नाथ हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा आयोजित हिंदू सम्मेलन में व्यक्त किए। 
क्षेत्रीय पार्षद हरिओम बाबा ने जाति के बजाय स्वयं को हिंदू कहने पर जोर दिया। विश्वेंद्र सिंह चौहान ने अपना इतिहास पढ़ने और अपने गौरव का बोध करने की प्रेरणा दी। अनुज गोयल, अशोक कुलश्रेष्ठ, डॉ. पारुल महाजन, राज बहादुर सिंह राज, महेश ग्वाला, सत्यश्रवा और आशा अग्रवाल ने भी विचार प्रस्तुत किए। निखिल गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया। रमन अग्रवाल, ब्रह्मा गुप्ता और बृजेश गुप्ता ने संचालन किया।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments