प्रसिद्ध हास्य कवि रमेश मुस्कान बने राजभाषा सलाहकार

आगरा, 18 जनवरी। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने शहर के निवासी विख्यात हास्य कवि रमेश मुस्कान को राजभाषा सलाहकार समिति में सदस्य नियुक्त किया है। केन्द्र सरकार ने इसकी सूचना भारत के राजपत्र में अधिसूचना जारी करके दी है।
रमेश मुस्कान हिंदी काव्य मंचों पर लगभग तीन दशक से सक्रिय हैं तथा देश-विदेश में हिंदी को बढ़ावा देने की दिशा में उनका योगदान उल्लेखनीय हैं। हिंदी कविता की मंचीय परंपरा को आगे बढ़ाने हेतु उन्होंने अखिल भारतीय कवि सम्मेलन समिति की स्थापना की। वर्तमान में यह संस्था कवियों की सबसे बड़ी संस्था के रूप में विख्यात है तथा कवि-सम्मेलनों के उत्थान में अपनी बेहद महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। 
अपनी सरस हास्य-कविताओं के साथ-साथ रमेश मुस्कान समकालीन परिदृश्यों पर अपनी बेबाक़ एवं धारदार व्यंग्य टिप्पणियों के लिए भी जाने जाते हैं। वे मुस्कान दो दर्जन से अधिक देशों में काव्य पाठ कर चुके हैं। अमेरिका, इंग्लैंड, रूस, कनाडा आदि देशों में उन्हें उत्कृष्ट काव्य के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है। 
क़ैदियों के भावनात्मक विकास की दिशा में कार्य करते हुए उन्होंने पूर्व में जेल विजिटर का दायित्व भी निभाया है। बीते दिनों नये कवियों के विकास हेतु प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास द्वारा आगरा में केवीशाला के नाम से आयोजित काव्य-कार्यशाला में भी रमेश मुस्कान मार्गदर्शक-समूह में थे। 
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments