तमिलनाडु में डीएमके पर बरसे सांसद चाहर, बोले- जनता बदलाव चाहती है, एनडीए बनाएगी विकासपरक सरकार

आगरा, 31 जनवरी। तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु) स्थित त्रिची भाजपा कार्यालय में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तरीय “विकसित भारत-जी राम जी” जनजागरण अभियान के अंतर्गत एक प्रदेश कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर रहे।
प्रदेश कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं, पारदर्शी शासन और निर्णायक नेतृत्व के कारण भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक सशक्त पहचान बनाई है।
सांसद चाहर ने कहा, “विकसित भारत-जी राम जी” का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। यह अभियान देश के साथ-साथ तमिलनाडु के गांवों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करेगा। इससे किसान, श्रमिक, युवा, महिलाएं और गरीब वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
चाहर ने तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में परिवारवाद और भ्रष्टाचार चरम पर है। डीएमके सरकार ने विकास के बजाय अपने परिवार और निजी हितों को प्राथमिकता दी है, जिससे जनता त्रस्त हो चुकी है। सांसद चाहर ने कहा कि अब तमिलनाडु की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले समय में राज्य में एनडीए की मजबूत, पारदर्शी और विकासपरक सरकार बनेगी।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय सह-प्रभारी डॉ. पोंगुलेटी सुधाकर रेड्डी (पूर्व एमएलसी), VB-G-RAMG अभियान की राज्य संयोजक एवं भाजपा राज्य महासचिव कात्यायनी सहित तमिलनाडु के 67 जिलों के जिला प्रभारियों ने भाग लिया और अभियान को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाने पर विस्तृत मंथन किया गया।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments