भीषण हादसा: खंदौली में ट्रक ने दो ऑटो को रौंदा, पांच लोगों की मौत की सूचना

आगरा, 31 जनवरी। थाना खंदौली क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो रिक्शा को रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतक सहपऊ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
खबरों के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े 11 बजे जलेसर रोड पर नगला चंदन के पास हुआ। दोनों ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दोनों ऑटो सड़क किनारे करीब 50 फीट दूर पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में जाकर पलट गए। 
कहा जा रहा है कि ट्रक चालक नशे में था। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई लगाई। 
बताया गया है कि थाना सहपऊ के गांव भादऊ निवासी सात लोग जगन्नाथपुरी यात्रा के लिए 20 जनवरी को रवाना हुए थे। वहां दर्शन करने के बाद वे सभी शनिवार को जबलपुर से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरे। यहां से इन्होंने अपने गांव के लिए ऑटो बुक कराया था, जिसमें बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह, उदय सिंह सवार थे। शहीद खान ऑटो चालक बताया जा रहा है। नगला चंदन जलेसर रोड पर ट्रक ने इसको टक्कर मार दी, जिसमें मौके पर पांच की मौत हो गई। 
खबरों के अनुसार एसएन मेडिकल कॉलेज में पांच मृतकों के शव लाए गए। मृतकों के नाम बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री और शाहिद बताए गए हैं। धनप्रसाद, विजय सिंह, उदय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। धनप्रसाद को इमरजेंसी और विजय सिंह, उदय सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रणवीर रिटायर्ड दरोगा बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments