शाहगंज में बंदरों ने ले ली महिला की जान, छत से गिरकर मौत
आगरा, 22 जनवरी। थाना शाहगंज के वेस्ट अर्जुन नगर में बंदरों के हमले में एक महिला की जान चली गई। मृतका कपड़े लेने घर की तीसरी मंजिल पर छत पर गई थी। इसी दौरान बंदरों द्वारा झपट्टा मार दिए जाने से वह नीचे जा गिरी।
खबरों के अनुसार, वेस्ट अर्जुन नगर निवासी विरमा देवी बुधवार की दोपहर छत से कपड़े लेने गई थीं। छत पर बंदरों का झुंड मौजूद था। जैसे ही विरमा देवी ऊपर गई, बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। संतुलन बिगड़ने पर वह तीसरी मंजिल से नीचे पड़ोसी की छत पर गिर गई।
अचानक तेज आवाज होने पर पड़ोसी ऊपर गए तो देखा विरमा देवी खून से लथपथ पड़ी थीं। आस-पड़ोस के लोग भी आ गए। तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने विरमा देवी को मृत घोषित कर दिया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक है। एक साल पहले भी बंदरों ने एक महिला पर झपट्टा मारा था। उसकी भी छत से नीचे गिर कर मौत हो गई थी। कई बार बंदर लोगों पर हमला कर चुके हैं।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments