होटल में पार्टी कर रहे रंगबाज युवक की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या, ट्रांस यमुना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात
आगरा, 24 जनवरी। ट्रांस यमुना क्षेत्र में पनप रही गैंगवार में देर रात्रि एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खबरों के मुताबिक, मृतक अपने दोस्तों के साथ एक होटल में पार्टी कर रहा था, तभी हमलावरों ने वहां पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
मृतक का नाम राज चौहान बताया गया है। मूल रूप से बेदई सादाबाद निवासी राज चौहान ट्रांस यमुना क्षेत्र में किराए पर रहता था। गुरुवार को वह अपने दोस्तों के साथ एसएन होम स्टे में पहुंचा था। इसमें तीन मंजिल पर दुकान हैं और चौथी मंजिल पर होटल है। एक कमरे में राज चौहान अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। रात दस बजे छह युवक आए। उन्होंने राज चौहान पर फायर किया लेकिन वह बच गया इसके बाद राज चौहान गैलरी की तरफ भागा। हमलावर भी कमरे से निकल कर आए और राज चौहान पर फायरिंग कर दी, एक गोली उसके सीने में लगी वह वहीं गिर गया। हमलावरों ने एक के बाद एक कई गोली चलाई। राज चौहान के चार गोली लगीं।
सूचना मिलते ही मौके पर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास समेत कई थानों का फोर्स पहुंच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस एसएन होम स्टे के सीसीटीवी खंगाल रही है जिससे हत्यारोपियों की तलाश की जा सके। पुलिस को मौके से पांच खाली खोखे मिले हैं। राज के चार गोलियां लगी हैं। कमरे में शराब की खाली बोतलें और गिलास मिले हैं।
बताया गया है कि मृतक राज चौहान ने मई, 2024 में नगला रामबल के प्रिंस उर्फ काले यादव पर गोली चलाई थी, उसे बाइक पर बिठाकर ले जाने के बाद पिटाई लगाई। यहां से राज चौहान और दूसरे गुट में गैंगवार शरू हो गया। पुलिस ने राज चौहान को जेल भेज दिया था। पिछली दो दिसंबर को जेल से बाहर निकलने के बाद राज चौहान के समर्थकों ने जुलूस निकाला था इसके बाद समर्थकों पर भी मुकदमा दर्ज हुआ था।
ट्रांस यमुना में रंगबाजी, जमीन पर कब्जा और जुआ- सट्टा कराने वाले कई गैंग सक्रिय हैं। पिछले कुछ समय से राज चौहान तेजी से आगे बढ़ रहा था उसने अपना गैंग खड़ा कर लिया था। राज चौहान के गैंग का दूसरे गैंग से विवाद होने लगा था।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments