Agra News: खबरें आगरा की....

फेम ने मनाया 77 वाँ गणतंत्र दिवस
आगरा, 27 जनवरी। फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल ने 77 वाँ गणतंत्र दिवस होटल सी पी पैलेस में मनाया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती ने झंडारोहण किया। मिष्ठान्न वितरण कर एक दूसरे को बधाई प्रेषित की। इस अवसर पर फेम के मंडल अध्यक्ष श्री कृष्ण गोयल, जिलाध्यक्ष राजेश खुराना, महामंत्री ब्रजेश पंडित, माधव मोहन बंसल, धर्मवीर कौशिक, प्रेम शर्मा, गौरव जैन, मनोज खंडेलवाल, वी पी शर्मा, राजपाल सिंह, रूपेश कुमार, अमन कुलश्रेष्ठ, सारथी कुमार, मुकुल नारायण, राजवीर सिंह उपस्थित रहे।
________________________________________
विजय शिवहरे ने किया प्राची पचौरी का सम्मान 
आगरा, 27 जनवरी। विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने मंगलवार को प्राची पचौरी के निवास पर पहुंच कर उनका सम्मान किया। प्राची पचौरी ने हाल ही में दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप महिला रोल बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का रोशन किया है।
इस अवसर पर विजय शिवहरे ने कहा कि प्राची जैसी बेटियाँ नए भारत की ताकत हैं—मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हर मुकाम हासिल करने वाली।
________________________________________
गले में रस्सी डालकर फिर पेड़ पर चढ़ा बर्खास्त वन कर्मी
आगरा, 27 जनवरी। ताजमहल के पूर्वी गेट के समीप वन विभाग के कार्यालय के बाहर एक पूर्व वनकर्मी फिर पेड़ पर चढ़ गया। इस बार उसने अपने गले में रस्सी भी डाली हुई थी। काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पेड़ पर चढ़े पूर्व वन कर्मी को समझाने का प्रयास शुरू किया। 
पूर्व वन कर्मी का आरोप है कि उसे बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से निकाल दिया गया। उसका कहना है कि वह कोर्ट के आदेश का हवाला देकर डीएफओ से मिलने भी गया था, लेकिन वहां उसकी बात सुनने के बजाय उसे जेल भिजवाने की धमकी दी गई। वन कर्मी के अनुसार इस व्यवहार से वह मानसिक रूप से टूट गया और मजबूर होकर उसने यह खतरनाक कदम उठाया। पेड़ पर चढ़कर उसने आत्महत्या की चेतावनी दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। यह वन कर्मी कुछ महीने पहले भी इसी तरह पेड़ पर चढ़कर अपने अधिकारों और बहाली की मांग कर चुका है।
________________________________________
सटकर निकली महिलाओं ने बैग से पार किए एक लाख रुपये 
आगरा, 27 जनवरी। लोहामंडी थाना क्षेत्र में सेंट्रल बैंक से रुपये निकालकर बाहर निकली एक महिला से एक लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली गई। वारदात का शक महिलाओं के गैंग पर है। 
पीड़िता ने सेंट्रल बैंक की शाखा से एक लाख रुपये नकद निकाले थे और उन्हें अपने बैग में रखकर बाहर निकली। इसी दौरान चार महिलाओं ने उसे घेर लिया। भीड़ का फायदा उठाते हुए महिला चोरों ने सटकर चलते हुए बैग की चेन खोल दी और उसमें रखी पूरी नगदी निकाल ली।महिला बैंक से बाहर आकर अपनी बाइक स्टार्ट करने लगी, तब उसे कुछ संदेह हुआ। जब उसने बैग चेक किया तो उसमें रखे एक लाख रुपये गायब मिले। पीड़िता के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस को आशंका है कि यह वारदात किसी संगठित महिला चोर गिरोह द्वारा की गई है, जो पहले से रेकी कर बैंक से निकलने वाले ग्राहकों को निशाना बनाता है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments