ताज महोत्सव में इस बार 500 स्टॉल लगेंगी, जेपी होटल के निकट नवीन स्थल का ले-आउट प्रस्तुत किया गया, व्यवस्थाएं और जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
आगरा, 29 जनवरी। ताज महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में ताज महोत्सव समिति की बैठक मंडलायुक्त लघु सभागार में संपन्न हुई। बैठक में पर्यटन विभाग द्वारा ताज महोत्सव के आयोजन हेतु प्रस्तावित बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रकाशन, होर्डिंग, कंपोजिट वर्क, इवेंट मैनेजमेंट, पार्किंग आदि संबंधी समस्त कार्यादेश निर्गत कर दिए हैं, कार्यक्रम स्थल पर कार्य प्रारंभ है, मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि जिलाधिकारी, नगरायुक्त, एडीए उपाध्यक्ष के साथ मौके पर स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं और जनसुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।
बैठक में ताज महोत्सव-2026 के प्रस्तावित नवीन स्थल, फतेहाबाद रोड, निकट जेपी होटल का ले-आउट प्लान का प्रेजेंटेशन दिया गया, जिसमें बताया गया कि लगभग 04 एकड़ क्षेत्र में समुचित पार्किंग स्थल, फतेहाबाद रोड व ताजनगरी रोड दोनों साइड एंट्री, एक्जिट की व्यवस्था रखी गई है। प्रस्तावित मुख्य मंच, कलाकारों हेतु ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो व ओडीओपी प्रदर्शनी स्थान, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था शामिल हैं।
बैठक में बताया गया कि विगत वर्ष 300 स्टॉल के सापेक्ष इस बार ताज महोत्सव में 500 स्टॉल स्थापित की जाएंगी। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शिल्प मेले में इस बार आगरा मण्डल के बेहतरीन उत्पादों, ओडीओपी उत्पादों और यूपी हैण्डीक्राफ्ट, कार्पेट, पॉटरी के बेस्ट स्टालें लगवाईं जाएं। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर स्टालों का आवंटन किया जाए।
लाईटिंग, साज सज्जा, प्रचार प्रसार, कलाकारों के चयन इत्यादि आयोजन से संबंधित सभी निविदाएं ससमय जारी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि इस बार कवि सम्मेलन/मुशायरा, सूफी नाइट, डिवोसनल नाइट, फोक म्यूजिक/, थिएटर, लाफ्टर नाइट, वालीवुड नाइट, पंजाबी नाइट आदि विभिन्न थीम पर नृत्य संगीत तथा लोकप्रिय कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएंगी।
बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीए उपाध्यक्ष एम अरुणमौली, सीडीओ प्रतिभा सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments