लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डंपर से भिड़ी बस, 11 यात्री घायल
आगरा, 18 जनवरी। लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार की सुबह 38वें माइल स्टोन पर एक बस की डंपर से हुई भिड़ंत में 11 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है।
खबरों के अनुसार, बालू से लदे डंपर का एक टायर पंचर हो गया था, वह आगरा की ओर धीरे-धीरे जा रहा था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे गाजीपुर से दिल्ली जा रही एक यात्री बस पीछे से डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। डंपर चालक भरतपुर निवासी शकील और बस के चालक-परिचालक हापुड़ निवासी पवन कुमार और वाराणसी निवासी दीनानाथ बताए गए हैं।
घायलों में पवन (गाजीपुर), राजेश (गाजीपुर), दिनेश (मऊ), अमित (मऊ), अनीस अंसारी (गाजीपुर), अवन कुमार (गोपालगंज, बिहार) राजेश यादव (आजमगढ़), हिमांशु तिवारी (मऊ), रोबिन गर्ग (मुजफ्फरनगर), हर्ष कुमार (कानपुर नगर) और रजत (चंदौली) शामिल हैं।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राजमोहन द्विवेदी और सुधीश कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सीएचसी फतेहाबाद भिजवाया। शेष यात्रियों को अन्य बसों से उनके गंतव्य तक भेजा गया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments