लाइव पेंटिंग बनाकर गर्भ संस्कार और मातृत्व चेतना का संदेश देंगे देश के 10 वरिष्ठ चित्रकार
आगरा, 30 जनवरी। ललित कला संस्थान की पूर्व निदेशक और वर्तमान में मेवाड़ विश्वविद्यालय, राजस्थान की महानिदेशक चित्रकार प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह के निर्देशन में चित्रलेखा द विलेज ऑफ आर्ट्स सोसायटी एवं लाला चंद्रभान सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रताप नगर स्थित गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम पर एक फरवरी को सुबह 10:30 बजे से आर्ट कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
शुक्रवार को गर्भ संस्कार केंद्र पर जन जागरूकता के लिए आयोजकों द्वारा कार्यक्रम का पोस्टर जारी किया गया। डॉ. चित्रलेखा सिंह ने बताया कि इसमें डॉ. त्रिलोक शर्मा, डॉ. मंजू बघेल, डॉ. मधु गौतम, डॉ. त्रिगुणातीत जैमिनी, सुदेश कुमार, कमलेश्वर, नरेश, राहुल, सम्यदेव मोंडल और विपिन उपाध्याय सहित आगरा और देश के 10 वरिष्ठ और युवा चित्रकार लाइव पेंटिंग बनाकर गर्भ संस्कार और मातृत्व चेतना का संदेश देंगे।
नई पीढ़ी के हृदय में गर्भ संस्कार एवं मातृत्व चेतना के प्रचार प्रसार के लिए जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में पढ़ रहे स्नातक एवं परा स्नातक छात्र-छात्राओं के लिए गर्भाधान संस्कार विषय पर एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी कई दिनों से चल रहा है।
संयोजक नूतन ज्योति और राजीव जैन ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता के लिए अब तक 50 पेंटिंग प्राप्त हो चुकी हैं। एक फरवरी को आर्ट कार्यशाला के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा गर्भ संस्कार विषय पर बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी तीन फरवरी तक जारी रहेगी।
कार्यक्रम संयोजक सचिन गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए चित्र प्रविष्टि जमा करने की तिथि एक फरवरी है। चार फरवरी को सभी प्रविष्टियों में से चयनित एवं उत्कृष्ट चित्र बनाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी एवं सत्यमेव जयते ट्रस्ट से जुड़े अशोक गोयल ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व डॉ. चित्रलेखा सिंह के निर्देशन में उनकी टीम द्वारा ताजगंज स्थित श्मशान घाट पर जाने वाले मार्ग की दीवारों पर स्थाई पेंटिंग बनाई गई थीं।
_____________________________________
Post a Comment
0 Comments