मलपुरा के नौसैनिक की शादी के दो माह पूरे होने से पहले ही मौत, मुंबई में ड्यूटी के दौरान गई जान, सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि

आगरा, 27 दिसम्बर। थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव गामरी निवासी नौसेना के जवान अभिषेक कुमार की शुक्रवार को मुंबई में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। वह मात्र 28 वर्ष के थे। 
तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर शनिवार को दिन में करीब तीन बजे यहां पहुंचा तो पूरे गांव के मातम छ गया। शाम को ही सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। अभिषेक अप्रैल 2020 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे और मुंबई के कोलाबा में तैनात थे। 
अभिषेक की शादी पिछली एक नवंबर को ही थाना कागारौल क्षेत्र के गांव बीसलपुर निवासी अमर सिंह की 22 वर्षीय पुत्री रेनू उर्फ भावना के साथ हुई थी। पति के निधन की सूचना मिलते ही पत्नी रेनू की तबीयत भी खराब हो गई। शादी को दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे।
अभिषेक अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में बीच के थे। उनकी दो बहनें हैं। वह परिवार में इकलौते पुत्र और माता-पिता के एकमात्र सहारा थे। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक ने गुरुवार की शाम को मां सुनीता देवी, पिता लाखन सिंह और पत्नी रेनू उर्फ भावना से बात की थी। पिता से दवा लाने की बात कही थी। पिछले महीने 17 नवंबर को अभिषेक छुट्टी खत्म होने पर ड्यूटी पर गए थे। पिता लाखन सिंह का कहना है कि उन्हें मुंबई से सूचना मिली थी कि उनके बेटे की तबीयत खराब हुई है। इसके बाद मौत की सूचना मिली तो पैरों तले जमीन खिसक गई। मुंबई से पार्थिव शरीर के साथ आए लेफ्टिनेंट कमांडर नितिन वशिष्ठ ने बताया कि हर रोज की तरह अभिषेक आईएनएस पर ड्यूटी दे रहे थे। तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments