प्रसूता की मौत पर परिजनों का अस्पताल के बाहर हंगामा, चिकित्सा में लापरवाही का आरोप
आगरा, 17 दिसंबर। थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र में स्थित महादेव हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 28 वर्षीय प्रसूता डॉली की मौत होने पर परिजनों ने बुधवार को हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और मामले की जांच का भरोसा दिलाया।
खबरों के अनुसार, परिजनों ने गर्भवती डॉली को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकीय देखरेख में शाम को उसने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं किया गया।
स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रबंधन ने उसे सिकंदरा स्थित एक अन्य अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉली ने दम तोड़ दिया।
प्रसूता की मौत से आक्रोशित परिजनों ने महादेव हॉस्पिटल के संचालक और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर जोरदार हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि यदि समय रहते बेहतर इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था की जाती तो डॉली की जान बच सकती थी।
पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments