मेयर पहुंचीं सिओल, आगरा को भविष्य का शहर बनाने के लिए दुनिया के सामने रखा रोडमैप, बोलीं- ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए ग्लोबल स्मार्ट सिटी बनेगा आगरा’
आगरा, 01 अक्टूबर। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा इन दिनों 30 सितम्बर से 02 अक्टूबर के बीच दक्षिण कोरिया की राजधानी सिओल में आयोजित स्मार्ट लाइफ वीक (एसएलडब्लू)- 2025 में शिरकत कर रही हैं। उन्होंने इस वैश्विक मंच पर आगरा शहर के भविष्य के रोडमैप को सभी के सामने प्रस्तुत किया।
दुनिया के शहरों को और अधिक स्मार्ट, टिकाऊ और समावेशी बनाने के उद्देश्य आयोजित कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) के उपयोग पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। कार्यक्रम में 72 देशों 109 शहरों के प्रमुखों (मेयर, गवर्नर, नगर निगम प्रतिनिधियों) द्वारा प्रतिभाग किया गया। भारत से आगरा शहर की मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।
स्मार्ट सिटी में रोबोट निभाएंगे अहम भूमिका
महापौर ने बताया कि सियोल में आयोजित हुए वैश्विक कार्यक्रम में रोबोटिक्स तकनीकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस काफी बड़ी प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में दर्शायी गई तकनीकी को देखकर ऐसा लगता है कि भविष्य में आगरा में भी यातायात व शहर के अन्य प्रबंधन में रोबोट और आर्टफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में दुनियाभर के शहरों से आए महापौर ने भविष्य के स्मार्ट शहरों के लिए अपने-अपने वक्तव्य रखे। आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि आगरा प्रेम और सामंजस्य का शाश्वत प्रतीक है। यह शहर अपनी संस्कृति, धरोहर के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। आगरा स्मार्ट सिटी अपनी संस्कृति और धरोहरों को सहेजते हुए भविष्य का शहर बनने की ओर अग्रसर है और आधुनिक शहरी जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए सतत प्रयासरत है। हमारी प्राथमिकताएँ स्पष्ट हैं कि हम जलवायु परिवर्तन सहित प्राकृतिक व बदलते परिवेश में सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं और इस क्रम में हम स्वच्छ गतिशीलता को बढ़ावा दे रहे हैं, वायु गुणवत्ता में सुधार कर रहे हैं। हम युवाओं और महिलाओं को अवसर देते हुए उनके सहयोग के साथ आगरा को आधुनिक शहर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हम दृढ़ता से मानते हैं कि जलवायु परिवर्तन, न्यायसंगत विकास, और लचीला शहरी शासन—अकेले जैसी चुनौतियां अकेल हल नहीं की जा सकतीं। इसके लिए वैश्विक साझेदारियों के जरिए हम मिलकर ऐसा शहरी भविष्य गढ़ सकते हैं जो सतत, न्यायसंगत और सभी के लिए अवसरों से परिपूर्ण हो। इस अवसर पर महापौर ने विश्वभर से आए लोगों को आगरा आकर शहर धरोहर के साथ-साथ एक ऐसे नगर की आत्मा को भी अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।
स्मार्ट लाइफ वीक-2025 में इन मुद्दों पर हुई चर्चा
* शहरी यातायात और गतिशीलता प्रबंधन में सुधार
* सार्वजनिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करना
* जल, ऊर्जा व स्वच्छता जैसे संसाधनों का कुशल उपयोग
* पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित शासन को बढ़ावा देना।
इन प्रमुख शहरों ने किया प्रतिभाग
* *आगरा (भारत)*
* *न्यूयॉर्क (अमेरिका)*
* *फुलर्टन (अमेरिका)*
* *मैड्रिड (स्पेन)*
* *बार्सिलोना, सेविल और ग्रनाडा (स्पेन)*
* *प्राग (चेक गणराज्य)*
* *सियोल (दक्षिण कोरिया)*
* *अम्मान (जॉर्डन)*
* *रबात (मोरक्को)*
* *दुबई (यूएई)*
* *मोनरोविया (लाइबेरिया)*
* *नियामे (नाइजर)*
* *नित्रा (स्लोवाकिया)*
* *ब्रिकामा (गाम्बिया)*
_____________________________
Post a Comment
0 Comments